एजेंसी न्यूज

विदेश की खबरें | ताइवान में शक्तिशाली भूकंप, इमारतें क्षतिग्रस्त सुनामी की हल्की लहरें उठीं

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. भूकंप के कारण हुलिएन के एक इलाके में स्थित पांच मंजिला इमारत बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हुई है। इसकी पहली मंजिल ढह गई है तथा शेष इमारत झुक गई है। ताइपे में पुरानी इमारतों और कुछ नए कार्यालय परिसरों में टाइल्स गिर गईं। विद्यार्थियों को स्कूल से निकाल कर खेल के मैदान में ले जाया गया है और उन्हें हेलमेट पहनाए गए।

विदेश की खबरें | ताइवान में शक्तिशाली भूकंप, इमारतें क्षतिग्रस्त सुनामी की हल्की लहरें उठीं
श्रीलंका के प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने

भूकंप के कारण हुलिएन के एक इलाके में स्थित पांच मंजिला इमारत बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हुई है। इसकी पहली मंजिल ढह गई है तथा शेष इमारत झुक गई है। ताइपे में पुरानी इमारतों और कुछ नए कार्यालय परिसरों में टाइल्स गिर गईं। विद्यार्थियों को स्कूल से निकाल कर खेल के मैदान में ले जाया गया है और उन्हें हेलमेट पहनाए गए।

पूरे द्वीप में ट्रेन सेवा को निलंबित कर दिया गया और ताइपे में ‘सबवे’ सेवा को भी अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया। द्वीपीय देश की आबादी 2.3 करोड़ है। राष्ट्रीय संसद भवन की दीवारों और छत को नुकसान पहुंचा है। यह भवन द्वितीय विश्व युद्ध से पहले बनाए गए स्कूल में है।

भूकंप के तेज़ झटके आने के बावजूद लोगों में थोड़ी-बहुत ही दहशत रही, क्योंकि इस देश में अक्सर भूकंप के झटके आते रहे हैं। स्कूल ऐसी स्थितियों से निपटने के लिए अभ्यास आयोजित करते रहते हैं और लोगों को मीडिया तथा मोबाइल के जरिए नोटिस जारी किए जाते हैं। स्कूल और सरकारी कार्यालयों को छुट्टी का विकल्प दिया गया है।

हुलिएन में हताहतों की संख्या के बारे में जानकारी नहीं मिल सकी है, जहां 2018 में भूकंप में एक ऐतिहासिक होटल और अन्य इमारतें गिर गई थीं।

वहीं, जापान की मौसम विज्ञान एजेंसी ने कहा कि भूकंप के झटके के 15 मिनट बाद योनगुनी द्वीप पर 30 सेंटीमीटर (करीब एक फुट) ऊंची सुनामी की लहर देखी गई है। इशिगाकी और मियाको द्वीपों पर भी हल्की फुल्की लहरें देखी गईं।

जापानी एजेंसी ने पहले कहा था कि सुनामी की वजह से समुद्र में तीन मीटर (9.8 फुट) तक ऊंची लहरें उठ सकती हैं, लेकिन बाद में उसने इस चेतावनी को घटाकर करीब एक फुट तक कर दिया।

जापान के आत्मरक्षा बलों ने ओकिनावा क्षेत्र के आसपास सुनामी के प्रभाव को लेकर जानकारी जुटाने के लिए विमान भेजे और जरूरत पड़ने पर लोगों को निकालने और उन्हें आश्रय देने की तैयारी शुरू कर दी।

ताइवान की भूकंप निगरानी एजेंसी ने बताया कि भूकंप की तीव्रता 7.2 थी जबकि अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण के मुताबिक, भूकंप की तीव्रता 7.4 मापी गई है। यह स्थानीय समयनुसार सुबह सात बजकर 58 मिनट पर आया और इसका केंद्र हुलिएन से दक्षिण दक्षिण पश्चिम में जमीन से करीब 35 किलोमीटर नीचे था।

ताइवान के भूकंप निगरानी ब्यूरो के प्रमुख वू चिएन-फू के अनुसार, भूकंप के झटके चीन के अपतटीय क्षेत्र में स्थित ताइवानी-नियंत्रित द्वीप किनमेन तक महसूस किए गए। शुरुआती भूकंप आने के एक घंटे के दौरान ताइपे में भूकंप बाद के कई झटके महसूस किए गए।

अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण के मुताबिक, भूकंप बाद के एक झटके की तीव्रता 6.5 थी और इसका केंद्र 11.8 किलोमीटर की गहराई में था।

जापान के मुख्य कैबिनेट सचिव योशिमासा हयाशी ने कहा कि जापान में जान-माल के नुकसान की कोई सूचना नहीं है।

चीन ने अपनी मुख्य भूमि के लिए सुनामी की कोई चेतावनी जारी नहीं की। प्रशांत सुनामी चेतावनी केंद्र ने कहा कि हवाई या अमेरिकी प्रशांत क्षेत्र गुआम में सुनामी का कोई खतरा नहीं है।

ताइवान में हाल के वर्षों में 21 सितंबर 1999 को सबसे भीषण भूकंप आया था जिसकी तीव्रता 7.7 थी। इसमें 2400 लोगों की मौत हो गई थी तथा करीब एक लाख लोग जख्मी हो गए थे और हजारों इमारतें नष्ट हो गई थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Apr 03, 2024 09:18 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).