तेजपुर, 30 अप्रैल असम के सोनितपुर जिले के कुछ गांवों में रविवार को ऐसे पोस्टर मिले, जिनमें इनके पड़ोसी अरुणाचल प्रदेश का हिस्सा होने का दावा किया गया है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
दोनों राज्यों के बीच लंबे समय से चले आ रहे सीमा विवाद को सुलझाने के लिए एक समझौते पर हस्ताक्षर किए जाने के कुछ दिनों बाद यह घटना हुई है।
अधिकारियों ने कहा कि सफेद कागज पर छपे पोस्टर के नीचे ‘एबीपीएफ’ लिखा हुआ था। इस संगठन का नाम पहली बार सामने आया है।
उन्होंने कहा कि ये पोस्टर जिले के हेलेम उप-संभाग के दफलागढ़, नॉर्थ करीबिल, नलिनीबाड़ी और मंगलबाड़ी में पाए गए, जो अंतरराज्यीय सीमा के 10 किलोमीटर के दायरे में स्थित हैं।
उन्होंने कहा कि उप-संभागीय अधिकारी लुकुमोनी बोरा ने हेलेम पुलिस की टीम के साथ क्षेत्रों का दौरा किया और इन पोस्टर को जब्त कर लिया।
पोस्टर में दावा किया गया था कि यह जमीन अरुणाचल प्रदेश की है और असम को इसे जल्द से जल्द खाली करने के लिए कहा गया।
अधिकारियों ने कहा कि जांच शुरू कर दी गई है।
उल्लेखनीय है कि दोनों राज्य 804 किलोमीटर लंबी सीमा साझा करते हैं और सीमा विवादों को हल करने के लिए दोनों के बीच चर्चा जारी है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY