देश की खबरें | पश्चिम बंगाल में चुनाव बाद हिंसा : यौन अपराध की शिकायतों में सात प्राथमिकियां दर्ज
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. सीबीआई ने मंगलवार को कहा कि उसने पश्चिम बंगाल में चुनाव बाद हिंसा के दौरान कथित यौन अपराधों के संबंध में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग द्वारा उसे भेजे गए 29 मामलों में से सात में प्राथमिकी दर्ज की है।
नयी दिल्ली, चार जनवरी सीबीआई ने मंगलवार को कहा कि उसने पश्चिम बंगाल में चुनाव बाद हिंसा के दौरान कथित यौन अपराधों के संबंध में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग द्वारा उसे भेजे गए 29 मामलों में से सात में प्राथमिकी दर्ज की है।
एजेंसी ने बताया कि एनएचआरसी द्वारा भेजे गए दो मामलों को एजेंसी ने राज्य के विशेष जांच दल को भेज दिया है। कलकत्ता उच्च न्यायालय ने इस जांच दल का गठन किया है।
केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो के प्रवक्ता आरसी जोशी ने कहा, ‘‘यह बताया जाता है कि कलकत्ता उच्च न्यायालय ने 19 अगस्त 2021 को सीबीआई को हत्या, दुष्कर्म और दुष्कर्म की कोशिश के अपराधों की जांच करने का आदेश दिया था। सीबीआई ने केवल इन मापदंडों का पालन करते हुए मामले दर्ज किए हैं।’’
जोशी ने कहा, ‘‘यह स्पष्ट किया जाता है कि सीबीआई को 22 दिसंबर 2021 तक एनएचआरसी से यौन अपराधों की 29 शिकायतें मिली थी। इनमें से दो मामले अपराध की प्रकृति के आधार पर राज्य की एसआईटी को सौंप दिए गए।’’
उन्होंने बताया कि एनएचआरसी से मिली शिकायतों के आधार पर सात प्राथमिकियां दर्ज की गयी हैं जबकि बाकी की प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने बताया कि उच्च न्यायालय के आदेश पर राज्य पुलिस ने भी सीबीआई को 64 घटनाओं की रिपोर्ट भेजी है।
जोशी ने कहा, ‘‘इनमें से सीबीआई ने नियमित मामले दर्ज करते हुए 39 अपराध दर्ज किए, चार की प्रक्रिया चल रही है जबकि 21 मामले राज्य पुलिस/एसआईटी को भेज दिए गए हैं।’’
सीबीआई प्रवक्ता ने कहा कि उच्च न्यायालय में 22 दिसंबर 2021 को स्थिति रिपोर्ट सौंपने के वक्त सीबीआई ने 50 नियमित मामले दर्ज किए थे और चुनाव बाद हिंसा की घटनाओं में एक प्रारंभिक जांच की थी।
उन्होंने कहा, ‘‘स्थिति रिपोर्ट देने के वक्त तक सीबीआई ने 10 मामलों में आरोपपत्र दाखिल किए थे जबकि बाकी के मामलों में प्रक्रिया चल रही है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)