विदेश की खबरें | पोप फ्रांसिस आंत की सर्जरी के लिए अस्पताल पहुंचे
श्रीलंका के प्रधानमंत्री दिनेश गुणवर्धने

रोम, सात जून पोप फ्रांसिस आंत की सर्जरी कराने के लिए बुधवार को यहां गेमेली अस्पताल पहुंचे, जहां कई दिनों तक वह भर्ती रहेंगे। वेटिकन ने यह जानकारी दी।

वेटिकन ने एक बयान में कहा कि फ्रांसिस (86) आंत में बार-बार होने वाले संकुचन के उपचार के लिए यह ‘लैपरोटोमी’ सर्जरी करा रहे हैं।

बयान में कहा गया है, ‘‘पोप को कई दिनों तक अस्पताल में रहना पड़ेगा, ताकि वह रोग से पूरी तरह से उबर सकें।’’

बयान के अनुसार, सर्जरी से पहले उन्हें ‘एनेस्थीसिया’ दिया जाएगा। उनकी सर्जरी बुधवार को ही होनी है।

हालांकि,करीब दो साल पहले एक सर्जरी के बाद उन्होंने कहा था कि उम्मीद से लंबी प्रक्रिया में एनेस्थीसिया के कारण उन्होंने सहज महसूस नहीं किया था।

उल्लेखनीय है कि जुलाई 2021 में फ्रांसिस को 33 सेंटीमीटर (13) इंच लंबी अपनी बड़ी आंत निकलवाने के लिए 10 दिनों तक गेमेली अस्पताल में भर्ती रहना पड़ा था।

वेटिकन के अनुसार, फ्रांसिस मंगलवार को अस्पताल गये थे और उनकी मेडिकल जांच की गई थी।

एपी

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)