देश की खबरें | कर्नाटक में ध्रुवीकरण की राजनीति की हुई हार : हिमाचल कांग्रेस
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस की हिमाचल प्रदेश इकाई ने कर्नाटक में पार्टी को मिली भारी जीत का स्वागत करते हुए कहा कि यह ध्रुवीकरण की राजनीति की हार और वर्ष 2024 लोकसभा चुनाव की उल्टी गिनती की शुरुआत है।
शिमला/ पणजी/कोलकाता, 13 मई कांग्रेस की हिमाचल प्रदेश इकाई ने कर्नाटक में पार्टी को मिली भारी जीत का स्वागत करते हुए कहा कि यह ध्रुवीकरण की राजनीति की हार और वर्ष 2024 लोकसभा चुनाव की उल्टी गिनती की शुरुआत है।
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमिटी (एचपीसीसी) की अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व को बधाई दी और कर्नाटक की जनता के प्रति अभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस जीत से पार्टी कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ा है।
सिंह ने कहा कि कांग्रेस अन्य राज्यों में होने वाले चुनाव में भी जीत दर्ज करेगी।
प्रतिभा सिंह द्वारा यहां शनिवार को जारी बयान में कहा गया कि हिमाचल प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की हार के बाद कर्नाटक में कांग्रेस की जीत संकेत है कि हवा का रुख भाजपा के खिलाफ है और वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव की उल्टी गिनती शुरू हो गई है।
कर्नाटक में रुझान कांग्रेस के पक्ष में आने के साथ ही उत्साहित पार्टी कार्यकर्ता शिमला स्थित राज्य कांग्रेस कार्यालय में जुटने लगे थे और वहां पर जीत का जश्न मनाने लगे।
कांग्रेस की गोवा इकाई में भी कर्नाटक की जीत को लेकर उत्साह का माहौल है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पार्टी को मिली जीत का जश्न नारेबाजी कर और पार्टी के झंडे को लहरा कर मनाया।
गोवा की राजधानी पणजी के डी बी बांडोडकर रोड स्थित पार्टी कार्यालय में दोपहर को कर्नाटक में कांग्रेस की जीत सुनिश्चित होने के बाद कई कार्यकर्ता जमा हुए। गोवा विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष युरी अलेमाओ ने ट्वीट किया, ‘‘कर्नाटक की कहानी वर्ष 2024 की पटकथा है। पासा पलटने वाली इस जीत के लिए कर्नाटक कांग्रेस को बधाई। कांग्रेस आने वाले दिनों में भी यह कायम रखेगी। लोकतंत्र को सलाम, भारत के संविधान के लिए सम्मान।’’
गोवा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया विभाग के प्रमुख अमरनाथ पंजीकर ने कहा कि कर्नाटक की जनता ने भारतीय जनता पार्टी के झूठे वादों और जुमलों के साथ ‘नफरत के एजेंडे’ को खारिज कर दिया है।
कर्नाटक में मिली जीत का पार्टी कार्यकर्ताओं ने पश्चिम बंगाल में भी जश्न मनाया। राजधानी कोलकाता स्थित पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता दल के झंडे के साथ एकत्र हुए।
पार्टी कार्यकर्ताओं ने एक दूसरे को ‘गुलाल’ लगाकर और ढोल बजाकर जीत की खुशी मनाई। इस मौके पर वे ‘राहुल गांधी जिंदाबाद’, ‘सोनिया गांधी जिंदाबाद’ और ‘भाजपा दूर हटो’ के नारे लगा रहे थे। राज्य स्तर के कई कांग्रेस नेता भी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में हुए जश्न में शामिल हुए।
इसी तरह का दृश्य मुर्शिदाबाद के बहरामपुर, पुरुलिया, मालदा और अन्य स्थानों पर भी देखने को मिला।
पश्चिम बंगाल प्रदेश कांग्रेस कमेटी (डल्ब्यूबीपीसीसी) के सचिव सुमन रॉय चौधरी ने कहा, ‘‘दक्षिण भारत को भाजपा मुक्त बनाने के लिए देश के लोगों को धन्यवाद।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)