खेल की खबरें | अपराधियों को पकड़ने गए दारोगा को मारी गोली, घायल
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. रांची में स्कूटी सवार दो कथित अपराधियों ने बृहस्पतिवार शाम को एक दारोगा को गोली मारकर घायल कर दिया। घायल दारोगा का नाम सुभाष लकड़ा है और वह चुटिया थाने में तैनात हैं।
रांची, 18 मार्च रांची में स्कूटी सवार दो कथित अपराधियों ने बृहस्पतिवार शाम को एक दारोगा को गोली मारकर घायल कर दिया। घायल दारोगा का नाम सुभाष लकड़ा है और वह चुटिया थाने में तैनात हैं।
पुलिस के मुताबिक घटना चुटिया इलाके के मुकचुंद टोली चौक के पास की है, अपराधियों ने दारोगा को गोली तब मारी जब वह अपराधियों को हथियार के साथ पकड़ने गए थे।
जानकारी के मुताबिक दारोगा ने अपराधियों को रोकने की कोशिश की, लेकिन अपराधियों ने दारोगा पर हमला कर दिया। इस बीच एक अपराधी ने पिस्टल निकालकर दारोगा को गोली मार दी।
पुलिस ने बताया कि गोली दारोगा के जांघ में लगी है और आरोपी घटना को अंजाम देने के बाद फरार हो गए हैं।
पुलिस ने बताया कि घायल दारोगा को आनन-फानन में इलाज के लिए गुरुनानक अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें मेडिका अस्पताल रेफर किया गया।
पुलिस अधीक्षक (नगर) सौरभ सहित अन्य अधिकारी घायल दरोगा से मिलने अस्पताल पहुंचे हैं।
बता दें कि पुलिस को सूचना मिली थी कि लूट और झपटमारी करने वाले अपराधी मुकचुंद टोली इलाके से ऑक्सफोर्ड स्कूल की ओर जा रहे हैं।
इसकी सूचना मिलने के बाद चुटिया थाना के दारोगा सुभाष लकड़ा अकेले ही अपनी बाइक से उन्हें पकड़ने निकल गए।
अपराधियों से झड़प के दौरान दारोगा ने पिस्टल की एक मैगजीन और उनका मोबाइल अपने कब्जे में ले लिया।
अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों का पता लगाने में मोबाइल मददगार साबित होगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)