निहंगों के हमले में घायल पुलिसकर्मी हरजीत को अस्पताल से मिली छुट्टी, बेटे को कांस्टेबल की नौकरी
राजधानी चंडीगढ़ स्थित स्नातकोत्तर चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (पीजीआईएमईआर) से छुट्टी मिलने से पहले ही राज्य के पुलिस महानिदेशक दिनकर गुप्ता ने सिंह के बेटे अर्शप्रीत को पुलिस कांस्टेबल नियुक्त किये जाने संबंधी नियुक्ति पत्र सौंपा ।
चंडीगढ़, 30 अप्रैल पंजाब पुलिस के उप निरीक्षक हरजीत सिंह को सफल सर्जरी के जरिये कटे हाथ को 15 दिन पहले जोड़े जाने के बाद बृहस्पतिवार को अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी । एक पखवाड़ा पहले पंजाब के पटियाला में निहंगों ने हमला कर उनका हाथ काट दिया था।
राजधानी चंडीगढ़ स्थित स्नातकोत्तर चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (पीजीआईएमईआर) से छुट्टी मिलने से पहले ही राज्य के पुलिस महानिदेशक दिनकर गुप्ता ने सिंह के बेटे अर्शप्रीत को पुलिस कांस्टेबल नियुक्त किये जाने संबंधी नियुक्ति पत्र सौंपा ।
पटियाला में जब 50 साल के सिंह पर यह हमला हुआ उस वक्त वह सहायक उप निरीक्षक के तौर पर वहां तैनात थे । अनुकरणीय साहस को देखते हुए सिंह को उप निरीक्षक के पद पर प्रोन्नत किया गया है।
मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने ट्वीट कर कहा, 'पंजाब पुलिस के उप निरीक्षक हरजीत सिंह को पीजीआई से छुट्टी दिये जाने की जानकारी को साझा करते हुये खुश हूं । मैं चिकित्सकों एवं अस्पताल के सभी कर्मचारियों को धन्यवाद देना चाहता हूं जिन्होंने उनका अच्छे से ध्यान रखा । अस्पताल से छुट्टी मिलने से पहले उन्हें उनके बेटे को पंजाब पुलिस में कांस्टेबल के रूप में नियुक्त किये जाने का नियुक्ति पत्र सौंपा गया ।'
पंजाब के पटियाला में 12 अप्रैल को निहंगों ने कथित रूप से तलवार से हमला कर हरजीत सिंह का हाथ काट दिया था और उनके दो अन्य सहयोगियों को घायल कर दिया था । यह हमला उस वक्त हुआ पुलिसकर्मियों ने हमलावरों से कर्फ्यू पास दिखाने के लिये कहा था ।
उसी दिन डाक्टरों ने साढ़े सात घंटे की सर्जरी के बाद सिंह का हाथ दोबारा जोड़ दिया ।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 30, 2020 08:08 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

