देश की खबरें | हरियाणा के मंत्री के घर पुलिस ने ‘वारदात स्थल’ का पुनर्चित्रण किया : वकील

चंडीगढ़, चार जनवरी हरियाणा के खेल मंत्री संदीप सिंह के खिलाफ यौन उत्पीड़न का मामला दर्ज कराने वाली महिला प्रशिक्षक (कोच) को पुलिस बुधवार को यहां उनके सरकारी आवास पर ले गई, ताकि ‘वारदात स्थल’ का पुनर्चित्रण किया जा सके। शिकायतकर्ता के वकील ने यह जानकारी दी।

शिकायतकर्ता के वकील दीपांशु बंसल ने सिंह के आवास के बाहर संवाददाताओं से कहा कि उन्हें इस बात की कोई जानकारी नहीं है कि जब वह वहां पहुंचीं, तब मंत्री भी घर पर मौजूद थे या नहीं।

बाद में वह पुलिस वाहन से वहां से चली गईं।

बंसल ने कहा, “पुलिस ने अनुरोध किया था कि अपराध के घटनाक्रम को समझने के लिए वह पीड़िता को संदीप सिंह के आवास पर ले जाना चाहती है।”

उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ पुलिस जांच के सिलसिले में और कथित अपराध के घटनाक्रम को समझने के लिए कोच को मंत्री के आवास पर ले गई।

बंसल ने कहा कि पीड़िता ने सीआरपीसी (आपराधिक प्रक्रिया संहिता) की धारा 164 के तहत सुबह मजिस्ट्रेट के समक्ष अपना बयान दर्ज कराया। इससे पहले पीड़िता ने पुलिस के समक्ष अपना बयान दर्ज कराया था।

एक सवाल के जवाब में बंसल ने कहा कि चंडीगढ़ पुलिस ने सिंह के खिलाफ जो प्राथमिकी दर्ज की है, उसमें गैर जमानती धाराएं भी शामिल हैं और “मंत्री को अविलंब गिरफ्तार करना पुलिस पर निर्भर करता है”।

महिला कोच मंगलवार को चंडीगढ़ पुलिस के विशेष जांच दल (एसआईटी) के समक्ष अपना बयान दर्ज कराने के लिए उपस्थित हुई थी।

चंडीगढ़ पुलिस ने शनिवार को 36 वर्षीय भाजपा नेता के खिलाफ यौन उत्पीड़न और बंधक बनाने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की तथा मामले की जांच के लिए एक एसआईटी का गठन किया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)