देश की खबरें | आतंकवादी हमले में घायल पुलिस निरीक्षक मसरूर अहमद वानी की मौत

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. श्रीनगर में गत अक्टूबर में लश्कर-ए-तैयबा के एक आतंकवादी के गोली मारने से गंभीर रूप से घायल हुए पुलिस निरीक्षक मसरूर अहमद वानी की बृहस्पतिवार को यहां अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में मृत्यु हो गई।

नयी दिल्ली, सात दिसंबर श्रीनगर में गत अक्टूबर में लश्कर-ए-तैयबा के एक आतंकवादी के गोली मारने से गंभीर रूप से घायल हुए पुलिस निरीक्षक मसरूर अहमद वानी की बृहस्पतिवार को यहां अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में मृत्यु हो गई।

वानी के परिवार में उनकी पत्नी हैं, जो गर्भवती हैं। साथ ही, वानी के परिवार में उनके पिता, मां, भाई और बहन भी हैं।

अधिकारियों ने कहा कि चिकित्सा दल के सर्वोत्तम प्रयासों के बावजूद, वानी को बचाया नहीं जा सका और चोटों के चलते उन्होंने आज दोपहर दम तोड़ दिया।

वानी के पिता एक सेवानिवृत्त पुलिस उप निरीक्षक हैं। वानी 29 अक्टूबर, रविवार को ईदगाह मैदान में क्रिकेट खेल रहे थे, उसी दौरान एक आतंकवादी ने उनकी आंख, पेट और गर्दन पर काफी करीब से तीन गोलियां मारी थीं। उस दिन, उस मैदान में कई बच्चे भी खेल रहे थे।

वानी के साथियों ने आतंकी को खदेड़ा लेकिन वह हवा में गोली चलाते हुए भाग गया।

वानी को शुरूआत में सौरा के एक अस्पताल ले जाया गया था। हालांकि, उन्हें बृहस्पतिवार को हवाई मार्ग से एम्स दिल्ली लाया गया और उन्हें जीवन रक्षक प्रणाली पर रखा गया था। एम्स में भर्ती कराये जाने के एक घंटे के भीतर ही उनकी मृत्यु हो गई।

जम्मू कश्मीर पुलिस के महानिदेशक आर आर स्वैन ने कहा कि वानी की मृत्यु से उनके सहयोगियों और प्रियजनों को गहरी क्षति हुई है।

जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेशनल कान्फ्रेंस के नेता उमर अब्दुल्ला, माकपा नेता मोहम्मद यूसुफ तारीगामी और जम्मू कश्मीर अपनी पार्टी के प्रमुख अल्ताफ बुखारी ने वानी की मृत्यु पर दुख जताया।

इस बीच, वानी की पत्नी ने कहा, ‘‘मेरा बच्चा पैदा होने से पहले ही अनाथ हो गया।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\