देश की खबरें | दिल्ली में लूट की कोशिश पुलिस ने की नाकाम, चार संदिग्धों को हिरासत में लिया गया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ ने चार लोगों को गिरफ्तार कर एक व्यवसायी से लूट की साजिश को विफल करने का दावा किया है। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

नयी दिल्ली, 14 फरवरी दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ ने चार लोगों को गिरफ्तार कर एक व्यवसायी से लूट की साजिश को विफल करने का दावा किया है। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, संदिग्ध व्यक्ति हिंसक अपराधों में शामिल रहे हैं और जब उन्हें गिरफ्तार किया गया, तब वे लूट की योजना बनाने रहे थे।

अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (विशेष प्रकोष्ठ) प्रतीक्षा गोदारा ने एक बयान में कहा, ‘‘मुख्य साजिशकर्ताओं में से एक सतेंद्र पहले एक पुलिसकर्मी की हत्या में शामिल था।’’

आरोपियों की पहचान दिल्ली के निवासियों सतेंद्र (54), मोहित (28), राजेंद्र सिंह उर्फ ​​डॉक्टर (46) और उत्तर प्रदेश निवासी मोनू (28) के रूप में हुई है।

अधिकारी ने कहा, ‘‘हमने मॉडल टाउन में एक व्यवसायी के कर्मचारी को गिरफ्तार करके व्यवसायी से लूट की साजिश को नाकाम कर दिया। कर्मचारी गिरोह को जानकारी मुहैया करा रहा था।”

उन्होंने कहा कि नवंबर 2024 में पुलिस को कई मामलों में भगोड़ा घोषित सतेंद्र के बारे में जानकारी मिली और विभिन्न टीम ने दिल्ली में लूट की उसकी योजना का पता लगाया।

गोदारा ने कहा कि सतेंद्र ने अपने साथियों के साथ मिलकर अपराध को अंजाम देने के लिए हथियार व वाहन हासिल किए थे।

उन्होंने कहा कि संदिग्धों का पता लगाने के लिए पुलिस टीम तैनात की गई थीं और सभी अपराधियों को सात फरवरी को गिरफ्तार कर लिया गया।

अधिकारी ने कहा कि संदिग्धों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने .32 बोर की एक पिस्तौल, तीन कारतूस, एक चाकू, दो मोटरसाइकिल और छह मोबाइल फोन बरामद किए।

उन्होंने कहा, ‘‘गिरोह ने इलाके की टोह ली थी और भागने का रास्ता निर्धारित किया था। उनके पकड़े जाने से एक हिंसक अपराध टल गया।’’

आरोपी के बारे में जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि 12वीं कक्षा तक पढ़ाई करने वाला सतेंद्र दिल्ली और उत्तर प्रदेश में 20 से अधिक आपराधिक मामलों में शामिल रहा है।

उन्होंने कहा कि 20 साल की उम्र में वह हत्या के एक मामले में शामिल था और लूट की असफल कोशिश के दौरान सतेंद्र तथा उसके गिरोह ने एक पुलिसकर्मी की हत्या कर दी थी।

अधिकारी ने बताया कि मोनू 2014 के हत्या मामले समेत कम से कम पांच आपराधिक मामलों में शामिल रहा है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\