एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | प्रधानमंत्री की टिप्पणी: कांग्रेस का फडणवीस के घर के बाहर प्रस्तावित प्रदर्शन स्थगित

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई ने सोमवार को वाहन चालकों को असुविधा होने का हवाला देते हुए भारतीय जनता पार्टी के नेता देवेंद्र फडणवीस के सरकारी आवास के बाहर अपना प्रस्तावित प्रदर्शन अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया।

देश की खबरें | प्रधानमंत्री की टिप्पणी: कांग्रेस का फडणवीस के घर के बाहर प्रस्तावित प्रदर्शन स्थगित

मुंबई, 14 फरवरी कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई ने सोमवार को वाहन चालकों को असुविधा होने का हवाला देते हुए भारतीय जनता पार्टी के नेता देवेंद्र फडणवीस के सरकारी आवास के बाहर अपना प्रस्तावित प्रदर्शन अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया।

कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महाराष्ट्र का कथित तौर पर अपमान करने वाली टिप्पणी के विरोध में राज्यभर में आंदोलन की योजना बनायी है और प्रस्तावित प्रदर्शन उसी आंदोलन का हिस्सा था। कांग्रेस का कहना है कि प्रधानमंत्री ने हाल ही में लोकसभा में कोविड-19 महामारी का जिक्र करते हुए अपनी कुछ टिप्पणियों से महाराष्ट्र का कथित रूप से 'अपमान' किया है और उन्हें इसके लिए माफी मांगनी चाहिए।

मुंबई पुलिस ने कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष नाना पटोले को भाजपा नेता के आवास के बाहर रोक लिया और पार्टी के अन्य कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।

भाजपा विधायक आशीष शेलार ने दावा किया कि कांग्रेस का आंदोलन नाकाम हो गया है। उन्होने आरोप लगाया कि पुलिस ने उनकी पार्टी के भी कुछ नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। भाजपा कार्यकर्ता विपक्ष के नेता और पूर्व मुख्यमंत्री फडणवीस के आवास के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं का सामना करने के लिए प्रतीक्षा में खडे थे।

फडणवीस ने कहा कि मोदी की माफी का कोई सवाल ही नहीं है, उलटे देश को 'बर्बाद' करने के लिए कांग्रेस को माफी मांगनी चाहिए।

प्रधानमंत्री ने लोकसभा में कहा था कि कोविड की पहली लहर के दौरान, जब लोग लॉकडाउन और महामारी दिशा-निर्देशों का पालन कर रहे थे, कांग्रेस मुंबई में मासूम कामगारों को उनके मूल राज्य भेजने के लिए उन्हें डरा रही थी।

पटोले ने सोमवार को कहा कि वाहन चालकों को हो रही असुविधाओं को देखते हुए उनकी पार्टी प्रदर्शन स्थगित कर रही है।

उन्होंने संवाददाताओं से कहा, "मोदी ने महाराष्ट्र की संस्कृति, छत्रपति शिवाजी महाराज के महाराष्ट्र का अपमान किया। हम महाराष्ट्र का अपमान करने वाले मोदी का समर्थन कर रही भाजपा की संस्कृति की निंदा करते हैं।"

कांग्रेस नेता ने लोगों को हुई असुविधा के लिए भाजपा को जिम्मेदार ठहराया, क्योंकि दक्षिण मुंबई के कुछ हिस्सों में यातायात प्रभावित हुआ। उन्होंने दावा किया कि भाजपा ने "जवाबी प्रदर्शन में भाग लेने के लिए पैसे देकर" लोगों को सड़कों पर एकत्र किया।

उन्होंने कहा, “भाजपा मोदी का समर्थन कर रही है, जिन्होंने महाराष्ट्र का अपमान किया। पार्टी महाराष्ट्र द्रोही है। भाजपा ने लोगों को परेशान किया। हम इसके मद्देनजर आंदोलन अस्थायी रूप से स्थगित कर रहे हैं।"

पटोले ने कहा कि राज्य में भाजपा सांसदों के आवासों के बाहर कांग्रेस का प्रदर्शन जारी रहेगा। यह पूछे जाने पर कि क्या भाजपा के आक्रामक रवैए के कारण कांग्रेस ने अपना प्रदर्शन स्थगित कर दिया, पटोले ने इसका जवाब ना में दिया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Feb 14, 2022 03:20 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).