देश की खबरें | पीएमके संस्थापक रामदॉस ने पार्टी की कमान संभालने की घोषणा की, बेटे को कार्यवाहक अध्यक्ष बनाया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पट्टाली मक्कल काची (पीएमके) के संस्थापक डॉ. एस रामदॉस ने एक आकस्मिक घटनाक्रम में बृहस्पतिवार को पार्टी की पूरी बागडोर संभालने की घोषणा की और अपने अध्यक्ष बेटे अंबुमणि रामदॉस को कार्यवाहक अध्यक्ष नियुक्त कर दिया।
विल्लुपुरम (तमिलनाडु), 10 अप्रैल पट्टाली मक्कल काची (पीएमके) के संस्थापक डॉ. एस रामदॉस ने एक आकस्मिक घटनाक्रम में बृहस्पतिवार को पार्टी की पूरी बागडोर संभालने की घोषणा की और अपने अध्यक्ष बेटे अंबुमणि रामदॉस को कार्यवाहक अध्यक्ष नियुक्त कर दिया।
एस रामदॉस ने कहा कि 2026 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए पार्टी में फेरबदल करना पड़ा।
उन्होंने कहा, ‘‘मैंने 2026 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए एक कार्ययोजना तैयार की है। उसे क्रियान्वित करने के लिए, मैं पीएमके का पुनर्गठन करना आवश्यक समझता हूं।’’
एस रामदॉस ने अपने थाईलापुरम स्थित आवास पर संवाददाताओं से कहा, ‘‘मैं यह घोषणा पूरे दिल से कर रहा हूं। पीएमके संस्थापक के रूप में, मैं इसके अध्यक्ष का पद संभाल रहा हूं और डॉ. अंबुमणि रामदॉस को कार्यवाहक अध्यक्ष नियुक्त करता हूं।’’
उन्होंने कहा कि उनके बेटे, पूर्व केंद्रीय मंत्री अंबुमणि चुनाव में पार्टी की जीत के लिए प्रयास करेंगे।
एस रामदॉस ने यह भी कहा कि पूर्व अध्यक्ष जी के मणि पार्टी के मानद अध्यक्ष होंगे। उनकी यह आकस्मिक घोषणा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के चेन्नई दौरे से पहले हुई है।
गत 29 दिसंबर, 2024 को अंबुमणि ने अपने पिता एस रामदॉस द्वारा नाती पी मुकुंदन को पीएमके की युवा शाखा का सचिव नियुक्त किए जाने का खुलकर विरोध किया था।
मुकुंदन, रामदॉस की सबसे बड़ी बेटी गांधीमती के बेटे हैं।
बृहस्पतिवार को, संवाददाताओं के साथ बातचीत में में 85 वर्षीय रामदॉस ने कहा कि अधिकारों की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन करने के कारण उन्हें जेल में डाला गया था और राज्य की केंद्रीय जेलों में रखा गया था।
उन्होंने कहा, ‘‘इससे मेरे स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ा। मैं अपने पार्टी कार्यकर्ताओं के सक्रिय सहयोग और समर्थन से स्वस्थ हुआ।’’
पीएमके ने तमिलनाडु में भाजपा के नेतृत्व वाले गठबंधन के घटक दल के रूप में पिछला लोकसभा चुनाव लड़ा था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 10, 2025 03:00 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

