देश की खबरें | प्रधानमंत्री ने अत्यधिक बारिश से पैदा हुई स्थिति की समीक्षा की, सुक्खू और धामी से की बात
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को वरिष्ठ मंत्रियों और अधिकारियों के साथ देश के विभिन्न हिस्सों में अत्याधिक बारिश से पैदा हुई स्थिति की समीक्षा की। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने एक ट्वीट में यह जानकारी दी।
नयी दिल्ली, 10 जुलाई प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को वरिष्ठ मंत्रियों और अधिकारियों के साथ देश के विभिन्न हिस्सों में अत्याधिक बारिश से पैदा हुई स्थिति की समीक्षा की। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने एक ट्वीट में यह जानकारी दी।
बाद में प्रधानमंत्री ने हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से बात की तथा उन्हें हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। यह जानकारी आधिकारिक सूत्रों ने दी।
पीएमओ ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वरिष्ठ मंत्रियों और अधिकारियों से बात की और भारत के कुछ हिस्सों में अत्यधिक वर्षा के मद्देनजर पैदा हुई स्थिति की समीक्षा की। स्थानीय प्रशासन, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की कई टीम प्रभावित लोगों की सकुशलता सुनिश्चित करने के लिए काम कर रही हैं।’’
उत्तर भारत में मूसलाधार बारिश के कहर से देश के कई राज्य प्रभावित हुए हैं। हिमाचल प्रदेश भारी बारिश से सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ है, जहां भूस्खलन से चार और लोगों की मौत हो गई तथा 200 से ज्यादा लोग फंसे हैं।
सुक्खू ने कहा कि पिछले दो दिन में राज्य में बारिश से संबंधित घटनाओं में 16 या 17 लोगों की मौत हुई है।
राज्य में भारी बारिश के कारण भूस्खलन, घरों को नुकसान पहुंचने और कई लोगों की मौत होने के एक दिन बाद मौसम विभाग ने सोमवार को ‘अत्यंत भारी बारिश’ के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है।
उत्तराखंड में विभिन्न स्थानों पर सोमवार को भी बारिश और भूस्खलन होने से कई मार्गों पर यातायात अवरुद्ध हुआ। लगातार बारिश होने से गंगा सहित सभी प्रमुख नदियां उफान पर हैं। हरिद्वार में सुबह आठ बजे गंगा नदी का जलस्तर 292 मीटर दर्ज किया गया जो खतरे के स्तर 294 मीटर से केवल दो मीटर नीचे है।
ब्रजेन्द्र
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)