देश की खबरें | प्रधानमंत्री मोदी ने पश्चिम बंगाल में 4,500 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का लोकार्पण किया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उत्तरी पश्चिम बंगाल में 4,500 करोड़ रुपये से अधिक की बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का शनिवार को लोकार्पण किया।
सिलीगुड़ी, नौ मार्च प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उत्तरी पश्चिम बंगाल में 4,500 करोड़ रुपये से अधिक की बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का शनिवार को लोकार्पण किया।
प्रधानमंत्री ने इस महीने राज्य की अपनी तीसरी यात्रा के दौरान क्षेत्र के सबसे बड़े शहर सिलीगुड़ी में एक कार्यक्रम में परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। कार्यक्रम में राज्यपाल सीवी आनंद बोस भी मौजूद थे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मोदी ने आरोप लगाया कि आजादी के बाद पूर्वी भारत की उपेक्षा की गई लेकिन उनकी सरकार इसे देश का विकास इंजन मानती है। उन्होंने कहा, ‘‘पिछले 10 वर्षों में, बंगाल, विशेषकर उत्तरी बंगाल का विकास हमारी सरकार की प्राथमिकता रही है।’’
एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि प्रधानमंत्री ने रेलवे लाइन विद्युतीकरण की कई परियोजनाओं का उद्घाटन किया, जिससे उत्तरी पश्चिम बंगाल और आसपास के इलाकों के लोगों को फायदा मिलेगा।
इसमें कहा गया है कि इन रेलवे लाइन में एकलाखी-बालुरघाट खंड, बारसोई-राधिकापुर खंड, रानीनगर जलपाईगुड़ी-हल्दीबाड़ी खंड, बागडोगरा के माध्यम से सिलीगुड़ी-अलुआबाड़ी खंड, और सिलीगुड़ी-सिवोक-अलीपुरद्वार जंक्शन-समुक्तला खंड शामिल हैं।
बयान के अनुसार इन परियोजनाओं से रेल संपर्क में सुधार होगा, माल ढुलाई की सुविधा मिलेगी और क्षेत्र में रोजगार सृजन और आर्थिक विकास में योगदान मिलेगा।
प्रधानमंत्री ने पश्चिम बंगाल में 3,100 करोड़ रुपये की दो राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का भी उद्घाटन किया।
ये चार-लेन घोषपुकुर-धूपगुड़ी खंड और राष्ट्रीय राजमार्ग 27 पर चार-लेन का इस्लामपुर बाईपास हैं। घोषपुकुर-धूपगुड़ी खंड उत्तर-दक्षिण परिवहन गलियारे का हिस्सा है, जो पूर्वी भारत को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ता है।
इस महीने अपनी पहली दो यात्राओं के दौरान, प्रधानमंत्री ने दक्षिणी पश्चिम बंगाल के विभिन्न जिलों - हुगली, नदिया और उत्तर 24 परगना का दौरा किया था और इन जिलों को तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) का गढ़ माना जाता है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Mar 09, 2024 05:42 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

