जरुरी जानकारी | नवनिर्मित सम्मेलन केंद्र 'भारत मंडपम' का प्रधानमंत्री ने किया उद्घाटन

नयी दिल्ली, 26 जुलाई प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को राजधानी के प्रगति मैदान में नवनिर्मित प्रदर्शनी एवं सम्मेलन केंद्र (आईईसीसी) का उद्घाटन किया जिसे 'भारत मंडपम' के नाम से जाना जाएगा।

आईईसीसी परिसर का पुनर्विकास करीब 2,700 करोड़ रुपये की लागत से एक राष्ट्रीय परियोजना के तौर पर किया गया है। इसका परिसर करीब 123 एकड़ में फैला हुआ है।

भारत मंडपम के उद्घाटन समारोह में करीब 3,000 मेहमान शामिल हुए। इनमें मंत्रिमंडल के सदस्य, उद्योग एवं फिल्म जगत की हस्तियों के अलावा अन्य प्रमुख लोग भी शामिल थे।

इस अवसर पर एक रंगारंग कार्यक्रम भी पेश किया गया।

आईईसीसी परिसर देश में बैठकों, सम्मेलन एवं प्रदर्शनी का सबसे बड़ा केंद्र होगा। समारोहों के आयोजन के लिए उपलब्ध क्षेत्रफल के लिहाज से यह दुनिया के शीर्ष सम्मेलन एवं प्रदर्शनी स्थलों में से एक है। इसमें कई सम्मेलन केंद्र, प्रदर्शनी स्थल और एम्फीथिएटर शामिल हैं।

इसके पहले प्रधानमंत्री मोदी ने पुनर्विकसित परिसर में एक विशेष पूजा भी की। उन्होंने इसके निर्माण में शामिल रहे श्रमिकों से बात करने के अलावा उन्हें सम्मानित भी किया।

प्रेम

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)