एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | फॉर्म हासिल करने के लिए घरेलू क्रिकेट खेलना सबसे अच्छा तरीका : युवराज

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारत के पूर्व बल्लेबाज युवराज सिंह का मानना ​​है कि फॉर्म से जूझ रहे खिलाड़ी को राष्ट्रीय टीम में अपने कद की परवाह किए बिना हमेशा घरेलू क्रिकेट में खेलना चाहिए।

देश की खबरें | फॉर्म हासिल करने के लिए घरेलू क्रिकेट खेलना सबसे अच्छा तरीका : युवराज

नयी दिल्ली, 16 जनवरी भारत के पूर्व बल्लेबाज युवराज सिंह का मानना ​​है कि फॉर्म से जूझ रहे खिलाड़ी को राष्ट्रीय टीम में अपने कद की परवाह किए बिना हमेशा घरेलू क्रिकेट में खेलना चाहिए।

विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे स्टार खराब फॉर्म में हैं जिससे इस बात पर बहस चल रही है कि उन्हें रणजी ट्रॉफी मैचों में खेलना चाहिए या नहीं।

बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में भारत को ऑस्ट्रेलिया से हार का सामना करना पड़ा जिससे रोहित और कोहली के लाल गेंद की फॉर्म हासिल करने के लिए रणजी ट्रॉफी में खेलने की बात चल रही है।

दोनों बल्लेबाज पांच टेस्ट मैचों के दौरान रन बनाने के लिए संघर्ष करते दिखे, विशेषकर रोहित, जिन्होंने सिडनी में अंतिम टेस्ट के लिए खुद नहीं खेलने का फैसला किया।

‘सेलिब्रिटी क्रिकेट लीग’ के लांच कार्यक्रम के दौरान युवराज ने पीटीआई के सवाल के जवाब में कहा, ‘‘घरेलू क्रिकेट महत्वपूर्ण है। मैंने हमेशा महसूस किया है कि अगर आपके पास समय है और अगर आप अच्छा प्रदर्शन नहीं कर रहे हैं तो आपको निश्चित रूप से घरेलू क्रिकेट खेलना चाहिए। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘यह अभ्यास करने और मैच खेलने का सबसे अच्छा तरीका है। मुझे लगता है कि अगर आपके पास समय है और आप चोटिल नहीं हैं तो घरेलू क्रिकेट बहुत महत्वपूर्ण है। ’’

सुनील गावस्कर, रवि शास्त्री और यहां तक ​​कि भारत के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने भी भारत के लगातार टेस्ट श्रृंखला गंवाने के बाद घरेलू क्रिकेट के महत्व के बारे में बात की है।

रोहित 23 जनवरी से शुरू होने वाले रणजी ट्रॉफी मुकाबलों से पहले मुंबई के अभ्यास सत्रों में शामिल हुए, वहीं कोहली ने अभी तक दिल्ली के लिए घरेलू वापसी के कोई संकेत नहीं दिए हैं।

ऋषभ पंत, यशस्वी जायसवाल और शुभमन गिल जैसे अन्य स्टार खिलाड़ियों ने अपनी घरेलू टीमों में खेलने के लिए अपनी उपलब्धता की पुष्टि की है।

बाएं हाथ के बेहतरीन बल्लेबाजों में शुमार युवराज ने रोहित की सराहना की कि उन्होंने खराब फॉर्म के कारण सिडनी टेस्ट से खुद को आराम देने का फैसला किया।

ऑस्ट्रेलिया में हार के बाद गंभीर की भूमिका भी सवालों के घेरे में आ गई है, लेकिन युवराज ने अपने दोनों पूर्व साथियों का बचाव किया।

उन्होंने कहा, ‘‘मैंने पहले भी कहा है। आप लोग श्रृंखला दर श्रृंखला देखते हैं। अगर भारत श्रृंखला जीतता है तो आप अच्छी बातें करते हैं, अगर हारता है तो आप आलोचना करते हैं। ’’

युवराज ने कहा, ‘‘मैं हमेशा पांच साल या तीन साल की अवधि में टीम के ग्राफ को देखता हूं। गौतम अभी आए हैं, उन्हें और समय चाहिए। अगर आप रोहित की बात करें तो उन्होंने कप्तान के तौर पर टी20 विश्व कप जीता है, जब भारत ने वनडे विश्व कप फाइनल खेला था तब भी वह कप्तान थे। उन्होंने मुंबई इंडियंस को पांच आईपीएल खिताब दिलाए। ’’

उन्होंने पूछा, ‘‘उस खिलाड़ी ने आखिरी मैच से हटकर किसी और को मौका दिया। पहले कितने कप्तानों ने ऐसा किया है? कृपया मुझे बताएं। ’’

उन्होंने दोहराया कि न्यूजीलैंड से घरेलू मैदान पर 0-3 से हारना पचा पाना मुश्किल है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jan 16, 2025 05:50 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).