खिलाड़ियों ने टीटीएफआई के अभ्यास शिविर में आने के प्रस्ताव पर कहा, अभी इंतजार करना बेहतर
शरत कमल और जी साथियान सहित अधिकांश भारतीय खिलाड़ियों ने कहा कि वे कोविड-19 महामारी के बीच यात्रा करने में सहज नहीं है। टेबल टेनिस के लिए शिविर एनआईएस (राष्ट्रीय खेल संस्थान) पटियाला, सोनीपत और कोलकाता में आयोजित किए जाते हैं
नयी दिल्ली, 18 मई भारतीय टेबल टेनिस संघ (टीटीएफआई) ने सरकार से खेल परिसरों को खोलने की अनुमति मिलने के बाद सोमवार को अपने शीर्ष 16 खिलाड़ियों से इसमें शामिल होने के लिए लिखित सहमति मांगी, जिस पर टेबल टेनिस खिलाड़ियों ने कहा कि वह अभी थोड़ा इंतजार करना पसंद करेंगे।
शरत कमल और जी साथियान सहित अधिकांश भारतीय खिलाड़ियों ने कहा कि वे कोविड-19 महामारी के बीच यात्रा करने में सहज नहीं है। टेबल टेनिस के लिए शिविर एनआईएस (राष्ट्रीय खेल संस्थान) पटियाला, सोनीपत और कोलकाता में आयोजित किए जाते हैं
चेन्नई में रहने वाले विश्व रैंकिंग में 31वें स्थान पर काबिज शरत ने कहा, ‘‘ हमें महीने के अंत में शिविर में शामिल होने के लिए गया है, लेकिन मुझे लगता है कि यह बहुत जल्दी है। महामारी के मामले बढ़ते जा रहे है और यात्रा प्रतिबंध भी लागू है। प्रशिक्षण को तब तक रोका जा सकता है जब तक स्थिति में काफी सुधार नहीं हो जाता।’’
उन्होंने कहा, ‘‘ ऐसे भी आईटीटीएफ (अंतरराष्ट्रीय निकाय) ने जून के आखिर तक सभी प्रतियोगिताओं को स्थगित कर दिया है। निकट भविष्य में कोई प्रतियोगिता नहीं है। पूरी टीम का एक साथ होना अच्छा होगा लेकिन यह अभी तुरंत नहीं होना चाहिए।’’
मार्च में देशव्यापी लॉकडाउन लागू होने के बाद से खिलाड़ी अपने घरों में है। सरकार ने 31 मई तक चौथी बार लॉकडाउन को बढ़ाए जाने के बाद खिलाडियों को खेल परिसर या स्टेडियम में अभ्यास की छूट दी गयी।
शरत की तरह विश्व रैंकिंग में 32 स्थान पर काबिज साथियान भी चेन्नई में रहते है। उन्होंने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए वह अपने गृह-शहर में अभ्यास करना पसंद करेंगे।
उन्होंने कहा, ‘‘ मौजूदा स्थिति में यात्रा करना सुरक्षित नहीं है। मैं अपने कोच (एस. रमन) के साथ रमन टीटीएसपीसी (चेन्नई) में कुछ अन्य खिलाड़ियों के साथ अभ्यास करना पसंद करूंगा।’’
उन्होंने कहा, ‘‘यहां हम रामजी श्रीनिवासन (भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व ट्रेनर) की देख रेख में फिटनेस प्रशिक्षण ले सकते है। उम्मीद है कि इसके लिए मुझे अधिकारियों से जरूरी मंजूरी मिल जाएगा।
टीटीएफआई के महासचिव एम.पी. सिंह ने सरकार की घोषणा के बाद सोमवार सुबह खिलाड़ियों से प्रशिक्षण शिविर के लिए उनकी उपलब्धता के बारे में पूछा था।
सिंह ने पीटीआई- से कहा, ‘‘ हम ने खिलाड़ियों (आठ पुरुष और आठ महिला) से प्रशिक्षण शिविर के लिए अगले सप्ताह उनकी उपलब्धता के बारे में पूछा है। अगर वह प्रशिक्षण के लिए तैयार है तो हम अगले सप्ताह या इस महीने के आखिर तक कुछ शुरू कर सकते है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 18, 2020 06:04 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

