एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | राजनीतिक सरगर्मियों के बीच विधानसभा अध्यक्ष जोशी से मिले पायलट

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने शुक्रवार को यहां विधानसभा अध्‍यक्ष सी पी जोशी और कई विधायकों से मुलाकात की। यह मुलाकात ऐसे समय में हुई है जब मुख्‍यमंत्री अशोक गहलोत द्वारा कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ने की घोषणा के बाद राज्य सरकार में नेतृत्व पद पर परिवर्तन की अटकलें लगाई जा रही हैं।

देश की खबरें | राजनीतिक सरगर्मियों के बीच विधानसभा अध्यक्ष जोशी से मिले पायलट

जयपुर, 23 सितंबर कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने शुक्रवार को यहां विधानसभा अध्‍यक्ष सी पी जोशी और कई विधायकों से मुलाकात की। यह मुलाकात ऐसे समय में हुई है जब मुख्‍यमंत्री अशोक गहलोत द्वारा कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ने की घोषणा के बाद राज्य सरकार में नेतृत्व पद पर परिवर्तन की अटकलें लगाई जा रही हैं।

पायलट शुक्रवार दोपहर जयपुर लौटे। पायलट विधानसभा में अध्यक्ष जोशी से उनके कक्ष में मिले। उस समय कई और वरिष्ठ विधायक भी वहां मौजूद थे।

पार्टी सूत्रों के अनुसार पायलट मुख्‍यमंत्री पद की दौड़ में सबसे आगे हैं हालांकि, विधानसभा अध्यक्ष जोशी के नाम की भी चर्चा है। कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष जोशी 2008 में मुख्‍यमंत्री पद की दौड़ में थे लेकिन तब वह विधानसभा चुनाव एक वोट से हार गए थे।

गहलोत द्वारा कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए पर्चा भरने की औपचारिक घोषणा के बाद जयपुर में राजनीतिक सुगबुगाहट अचानक तेज हो गई जहां विधानसभा का सत्र आयोजित किया जा रहा है। तीन दिन बाहर रहकर गहलोत शुक्रवार शाम कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के साथ जयपुर लौटे। वे हवाई अड्डे से सीधे मुख्यमंत्री आवास चले गए।

खाद्य मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने कहा कि अगर मुख्यमंत्री गहलोत कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए पर्चा दाखिल करेंगे तो राजस्‍थान के तमाम विधायक उनके समर्थन में वहां जाएंगे क्योंकि वह मुख्‍यमंत्री और विधायक दल के नेता हैं।

उप मुख्य सचेतक महेंद्र चौधरी ने कहा कि आलाकमान ने जो फैसला किया है हम उसका स्वागत करते हैं। उन्‍होंने कहा, ‘‘गहलोत जब नामांकन करेंगे, अगर उस वक्त विधायकों को दिल्ली जाने के लिए कहा जाएगा तो हम दिल्ली जांएगे।’’

कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए घोषित कार्यक्रम के अनुसार, अधिसूचना 22 सितंबर को जारी हुई है, नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया 24 से 30 सितंबर तक चलेगी। नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि आठ अक्टूबर है। आवश्यक होने पर 17 अक्टूबर को मतदान होगा और नतीजे 19 अक्टूबर को घोषित किये जाएंगे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Sep 23, 2022 10:46 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).