देश की खबरें | हिमाचल प्रदेश के मणिकर्ण में तीर्थयात्रियों और स्थानीय लोगों में झड़प, चार लोग घायल

शिमला, छह मार्च हिमाचल प्रदेश के मणिकर्ण में एक मेले के दौरान तीर्थयात्रियों और स्थानीय लोगों के बीच एक झड़प में चार लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

दोनों पक्षों की ओर से की गई कुछ टिप्पणियों के बाद रविवार रात यह झड़प हुई। इसके बाद कुछ स्थानीय लोगों ने पयर्टकों के कुछ वाहनों को कथित तौर पर नुकसान पहुंचाया, जिसके जवाब में पर्यटकों ने पथराव किया।

घटना का 21 सेकंड का एक वीडियो सोशल मीडिया प्रसारित हो गया, जिसमें कथित तौर पर पंजाब के तीर्थयात्रियों को गुरुद्वारा मणिकर्ण साहिब के पास स्थानीय निवासियों के घरों पर पथराव करते हुए देखा जा सकता है।

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि यह युवकों के बीच की झड़प थी और इसे धार्मिक रंग नहीं दिया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि पर्यटकों और तीर्थयात्रियों को सुरक्षा प्रदान करना हमारा कर्तव्य है।

सुक्खू ने कहा, ‘‘ हम सभी भाई-बहन हैं और हमें एकजुट रहना चाहिए।’’

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि कुछ तीर्थयात्रियों के महिलाओं के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने के बाद झड़प हुई, जबकि पर्यटकों का दावा है कि एक स्थानीय व्यक्ति की टिप्पणी के बाद झड़प हुई।

पुलिस ने बताया कि दोनों पक्ष के कुछ लोग नशे में थे।

स्थानीय लोगों के अनुसार, यह पहली बार नहीं है जब पर्यटकों ने हंगामा किया है। उन्होंने मांग की कि वाहनों की गहन जांच की जानी चाहिए ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि राज्य में कोई हथियार नहीं ले जाया जा रहा है।

कुल्लू की पुलिस अधीक्षक साक्षी वर्मा ने ‘पीटीआई-’ को बताया कि एक मेले में स्थानीय लोगों और कथित तौर पर पंजाब के तीर्थयात्रियों के बीच झड़प में चार लोग मामूली रूप से घायल हो गए। करीब 45 वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। दंगे करने का मामला दर्ज किया गया है और मामले की जांच जारी है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)