देश की खबरें | वानखेड़े की पूर्व पत्नी की तस्वीरें उनकी सहमति से प्रकाशित की : नवाब मलिक
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. महाराष्ट्र के मंत्री एवं राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नेता नवाब मलिक ने शुक्रवार को दावा किया कि उन्होंने स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी) अधिकारी समीर वानखेड़े की पहली पत्नी की तस्वीरें उनकी सहमति से सार्वजनिक की।
मुंबई, 29 अक्टूबर महाराष्ट्र के मंत्री एवं राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के नेता नवाब मलिक ने शुक्रवार को दावा किया कि उन्होंने स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी) अधिकारी समीर वानखेड़े की पहली पत्नी की तस्वीरें उनकी सहमति से सार्वजनिक की।
मंत्री ने यह भी कहा कि उन्होंने वानखेड़े की मौजूदा पत्नी, अभिनेत्री क्रांति रेडकर के खिलाफ कभी कुछ नहीं कहा था और उन्हें ‘मराठी कार्ड’ नहीं खेलना चाहिए।
मलिक से संवाददाताओं ने सवाल किया था कि क्या उनकी ओर से वानखेड़े की पहली पत्नी,डॉ शबाना कुरैशी की तस्वीरों का इस्तेमाल करना उपयुक्त था, जबकि दंपती का आपसी सहमति से कुछ साल पहले तलाक हो चुका है। भारतीय जनता पार्टी के कुछ नेताओं ने भी यह सवाल उठाया।
राकांपा नेता ने कहा कि जब उनके पास किसी और से तस्वीरें आई तो उन्होंने कहा कि (तस्वीरों में मौजूद) व्यक्ति ने सहमति जताई थी कि इनका इस्तेमाल किया जा सकता है।
मलिक ने कहा, ‘‘डॉ शबाना इस मुद्दे पर पहले कभी बोलने के लिए आगे नहीं आई थी। जब वानखेड़े ने इस बात पर जोर देना शुरू किया कि वह (वानखेड़े) हिंदू हैं तब उन्हें बोलना पड़ा। उनके (शबाना के) पिता ने तब हर किसी से कहा कि वे हमेशा से जानते थे कि वानखेड़े का परिवार मुस्लिम है।’’
राज्य के अल्पसंख्यक कार्य मंत्री ने यह भी कहा कि उन्होंने क्रांति के खिलाफ कभी टिप्पणी नहीं और ना ही आरोप लगाया।
मलिक ने कहा कि क्रांति को यह नहीं भूलना चाहिए कि उनका पति महाराष्ट्र और मुंबई को बदनाम करने की साजिश का हिस्सा है।
मंत्री ने दावा किया कि वानखेड़े को सरकारी नौकरी अनुसूचित जाति श्रेणी में मिली जबकि वह जन्म से मुस्लिम है। वहीं, एनसीबी अधिकारी ने खुद के हिंदू होने का दावा किया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)