एजेंसी न्यूज

खेल की खबरें | फूलमाली का अर्धशतक बेकार, मुंबई इंडियंस ने गुजरात जायंट्स को हराया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. गुजरात जायंट्स की टीम भारती फूलमाली (61 रन) के शानदार अर्धशतक के बावजूद सोमवार को यहां महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) के रोमांचक मैच में मुंबई इंडियंस से नौ रन से हार गई।

खेल की खबरें | फूलमाली का अर्धशतक बेकार, मुंबई इंडियंस ने गुजरात जायंट्स को हराया

लखनऊ, 10 मार्च गुजरात जायंट्स की टीम भारती फूलमाली (61 रन) के शानदार अर्धशतक के बावजूद सोमवार को यहां महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) के रोमांचक मैच में मुंबई इंडियंस से नौ रन से हार गई।

मुंबई इंडियंस के अब तालिका में दिल्ली कैपिटल्स के बराबर 10 अंक हैं लेकिन नेट रन रेट के कारण दूसरे स्थान पर बनी हुई है। मुंबई इंडियंस को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से एक और मैच खेलना है जिससे उसका लक्ष्य शीर्ष पर रहकर सीधे फाइनल के लिए क्वालीफाई करने का होगा।

दिल्ली कैपिटल्स के साथ ये दोनों टीमें पहले ही प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई कर चुकी थीं और मुकाबला शीर्ष स्थान के लिए था। गुजरात जायंट्स के आठ मैच में आठ अंक हैं जिससे वह तालिका में तीसरे स्थान पर रहेगी।

कप्तान हरमनप्रीत कौर (54 रन) की शानदार अर्धशतकीय पारी से मुंबई इंडियंस ने छह विकेट पर 179 रन का प्रतिस्पर्धी स्कोर खड़ा किया।

पर गुजरात जायंट्स की टीम निचले क्रम की बल्लेबाज भारती फूलमाली (61 रन) ने अर्धशतक जड़कर मैच रोमांचक बना दिया, हालांकि उनकी पारी के बावजूद टीम नौ विकेट पर 170 रन ही बना सकी।

मुंबई इंडियंस की अमेलिया केर और हेली मैथ्यूज ने तीन तीन खिलाड़ियों को आउट किया। शबनीम इस्माइल ने दो विकेट झटके जबकि संस्कृति गुप्ता ने एक विकेट प्राप्त किया।

इस तरह मुंबई इंडियंस की यह गुजरात जायंट्स पर लगातार छठी जीत थी।

शीर्ष क्रम के विफल होने के बाद फूलमाली ने 22 गेंद में अर्धशतक जड़ दिया था। उन्होंने 25 गेंद की पारी में आठ चौके और चार छक्के लगाये।

अमेलिया केर पर लगातार तीन गेंदों पर दो छक्के और एक चौका लगाने के बाद अंतिम गेंद पर भी वह बड़े शॉट खेलने के प्रयास में बल्ले का बाहरी किनारा लगाकर कैच आउट हुईं। पर उन्होंने मैच को पूरी तरह से रोमांचक बना दिया।

अंतिम ओवर में गुजरात जायंट्स को जीत के लिए 13 रन चाहिए थे, पर टीम ने तीन विकेट गंवा दिए। टीम के लिए हरलीन देओल ने 24 रन और फोबे लिचफील्ड ने 22 का योगदान दिया।

बल्लेबाजी का न्योता मिलने के बाद मुंबई इंडियंस के लिए हरमनप्रीत ने 33 गेंद की पारी में नौ चौके लगाए। उसके लिए नैट साइवर ब्रंट ने 38 रन तथा हेली मैथ्यूज और अमनजोत कौर ने 27-27 रन का योगदान दिया।

गुजरात जायंट्स की कप्तान एशले गार्डनर, काशवी गौतम, प्रिया मिश्रा और तनुजा कंवर ने एक एक विकेट लिया।

इससे पहले मैथ्यूज ने पहले ओवर में डायंड्रा डॉटिन की गेंद पर चौका और छक्का लगाकर तेज शुरुआत कराई।

हालांकि तनुजा के शानदार ओवर में सिर्फ एक रन दिया गया जिससे स्कोरिंग गति धीमी हो गई।

इसके बाद काशवी गौतम के ओवर में अमेलिया केर (05) रन आउट हो गईं जिससे तीन ओवर के बाद टीम का स्कोकर एक विकेट पर 17 रन हो गया।

मैथ्यूज ने दो चौके लगाते हुए आक्रामकता जारी रखी जबकि साइवर ब्रंट ने भी दो चौके और एक छक्का लगाया।

हालांकि काशवी गौतम ने पावरप्ले के अंतिम ओवर में रन गति पर लगाम कसी।

छह ओवर में मुंबई की टीम ने एक विकेट पर 44 रन बना लिए थे।

इसके बाद प्रिया मिश्रा ने खतरनाक बल्लेबाज मैथ्यूज को आउट किया लेकिन अपने अगले ओवर में 13 रन दे दिए।

कप्तान एशले गार्डनर ने दो बेहतरीन ओवर फेंके जिससे मुंबई इंडियंस ने 10 ओवर में दो विकेट पर 67 रन बना लिए।

हरमनप्रीत ने मेघना सिंह पर दो चौके लगाए। हरमनप्रीत और साइवर-ब्रंट ने 40 गेंद में 59 रन जोड़े। पर गार्डनर ने इंग्लैंड की खिलाड़ी साइवर ब्रंट को अपनी ही गेंद पर कैच आउट करके इस साझेदारी को तोड़ा जिससे 14वें ओवर में मुंबई का स्कोर तीन विकेट पर 105 रन था।

अमनजोत कौर ने बीच के ओवरों में शानदार प्रदर्शन किया और काशवी गौतम की गेंद पर गार्डनर को कैच देकर आउट होने से पहले 15 गेंद में पर 27 रन की तेज पारी में चार चौके और एक छक्का लगाया।

हरमनप्रीत ने डॉटिन की गेंद पर एक रन लेकर गुजरात जायंट्स के खिलाफ अपना चौथा अर्धशतक पूरा किया। लेकिन 20वें ओवर में वह आउट हो गईं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Mar 10, 2025 11:20 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).