एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | दिल्ली में कार खड़ी करने को लेकर हुई बहस के बाद पेट्रोल फेंके जाने पर व्यक्ति गंभीर रूप से झुलसा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली के आरके पुरम इलाके में कार खड़ी करने को लेकर झगड़ा होने पर एक व्यक्ति ने गाड़ी के अंदर बैठे दूसरे व्यक्ति पर कथित तौर पर पेट्रोल डाल दिया, जिससे वाहन में आग लग गई। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

देश की खबरें | दिल्ली में कार खड़ी करने को लेकर हुई बहस के बाद पेट्रोल फेंके जाने पर व्यक्ति गंभीर रूप से झुलसा

नयी दिल्ली, 14 जुलाई दिल्ली के आरके पुरम इलाके में कार खड़ी करने को लेकर झगड़ा होने पर एक व्यक्ति ने गाड़ी के अंदर बैठे दूसरे व्यक्ति पर कथित तौर पर पेट्रोल डाल दिया, जिससे वाहन में आग लग गई। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

उसने बताया कि यह घटना रविवार को आरके पुरम के सेक्टर आठ मार्केट में रात करीब साढ़े नौ बजे हुई जिसमें सफाईकर्मी राहुल चौहान (40) गंभीर रूप से झुलस गया।

पुलिस के मुताबिक मैकेनिक गया प्रसाद (42) उर्फ कालू ने खड़ी कार में अपने रिश्तेदारों के साथ बैठे चौहान से अपनी गाड़ी उसकी दुकान के पास से हटाने को कहा। इसी बात पर दोनों के बीच विवाद हो गया तथा प्रसाद ने गुस्से में आकर कथित रूप से चौहान पर पेट्रोल डाल दिया, जिससे कार के अंदर संभवतः जलती हुई सिगरेट की वजह से आग लग गई।

पुलिस ने कहा कि प्रसाद से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस उपायुक्त (डीसीपी-दक्षिण पश्चिम) अमित गोयल ने बताया कि आरके पुरम थाने में एक मैकेनिक द्वारा एक व्यक्ति को जलाने की सूचना देने के लिए एक पीसीआर कॉल आई थी जिसके बाद पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और उसने झुलस गये व्यक्ति को पीसीआर वाहन से तत्काल ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया।

डीसीपी ने अपने आधिकारिक बयान में कहा, ‘‘दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) में सफाईकर्मी के रूप में कार्यरत राहुल चौहान अपने चचेरे भाई और दो अन्य लोगों के साथ एक कार में बैठा था, तब यह झगड़ा हुआ।’’

गोयल के अनुसार चौहान के चचेरे भाई सिद्धांत राज ने पुलिस को बताया कि उनकी गाड़ी गया प्रसाद की दुकान के पास खड़ी थी तथा प्रसाद ने कथित तौर पर उनसे गाड़ी हटाने को कहा, जिस पर बहस हुई।

पुलिस उपायुक्त ने बताया कि जब चौहान ने मना किया, तो मैकेनिक ने कथित तौर पर उस पर पेट्रोल डाल दिया।

उन्होंने कहा, ‘‘प्रारंभिक जांच के अनुसार, संभवतः कार के अंदर जलती हुई सिगरेट के कारण पेट्रोल ने आग पकड़ ली जिससे चौहान का चेहरा और सीना झुलस गया एवं कार को भी आग से नुकसान पहुंचा।’’

पुलिस का कहना है कि झुलस गये व्यक्ति को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने चिकित्सा -विधिक मामला (एमएलसी) रिपोर्ट में बताया कि वह 20 प्रतिशत तक जल गया है तथा उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

चौहान के बयान के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109(1) (हत्या का प्रयास) के तहत कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 14, 2025 04:38 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).