नयी दिल्ली, 17 जुलाई राजधानी दिल्ली में 38 वर्ष के एक व्यक्ति को उसकी सास की हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि उक्त व्यक्ति को संदेह था कि उसकी पत्नी के उसे छोड़ने के निर्णय के पीछे उसकी सास का हाथ है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान रवि के तौर पर हुई है जो कि दिल्ली के मोहन गार्डेन का निवासी है। आरोपी के पास से एक नुकीली चीज बरामद की गई है जिसका इस्तेमाल उसने कथित तौर पर हत्या में किया।
यह भी पढ़े | अध्ययन के मुताबिक भारत में लॉकडाउन की वजह से 630 जिंदगियां वायु प्रदूषण से बच गयीं.
आरोपी पूर्व में तीन आपराधिक मामलों में लिप्त रहा है।
पुलिस को बृहस्पतिवार रात करीब साढ़े 12 बजे सूचना मिली कि एक व्यक्ति ने अपनी सास पर किसी नुकीली चीज से हमला किया है।
यह भी पढ़े | राजस्थान प्रकरण पर सुनवाई सोमवार के लिये स्थगित: सचिन पायलट, असंतुष्ट विधायकों को चार दिन की राहत मिली.
पुलिस उपायुक्त (द्वारका) एंटो एल्फोंसो ने कहा, ‘‘उक्त व्यक्ति ने बीच बचाव करने का प्रयास करने वाले महिला के कई रिश्तेदारों को भी गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस मौके पर पहुंची और व्यक्ति को पकड़ लिया।’’
घायलों को तारक अस्पताल ले जाया गया जहां राम पार्क निवासी एवं आरोपी की सास शशि बाला (62) को मृत घोषित कर दिया गया।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि महिला को सीने, हाथों और पेट में कई चोटें आयी थीं।
पुलिस ने बताया कि तीन अन्य घायलों को बाद में इलाज के लिए डीडीयू अस्पताल भेज दिया गया। ये तीनों महिला के रिश्तेदार हैं।
डीसीपी ने बताया कि पूछताछ में पता चला कि रवि को 2019 में बलात्कार के एक मामले में गिरफ्तार किया गया था और वह नौ महीने जेल में रहा था।
उन्होंने बताया कि रवि की पत्नी और पुत्री उसके सास के घर चली गई थीं और वापस नहीं आ रही थीं। उन्होंने बताया कि रवि को शक था कि उसकी पत्नी के इस निर्णय के पीछे उसकी सास है।
पुलिस ने बताया कि रवि ने अपनी सास की हत्या करने की योजना बनायी और इसके लिए एक नुकीली चीज खरीदी।
पुलिस ने बताया कि बुधवार रात में जब रवि की सास अपने रिश्तेदारों को छोड़ने के लिए घर से बाहर आयी तो रवि ने उन पर हमला किया। पुलिस ने बताया कि रवि ने बचाव में आये महिला के रिश्तेदारों पर भी हमला किया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY