देश की खबरें | हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय की छात्रों का प्रदर्शन 21 दिनों बाद समाप्त हुआ
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (एचएएयू) के छात्रों ने मंगलवार को 21 दिनों के बाद प्रदर्शन उस समय खत्म कर दिया जब राज्य सरकार ने 10 जून की कथित मारपीट की घटना से जुड़ी उनकी अधिकतर मांगों को मान लिया।
हिसार, दो जुलाई हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (एचएएयू) के छात्रों ने मंगलवार को 21 दिनों के बाद प्रदर्शन उस समय खत्म कर दिया जब राज्य सरकार ने 10 जून की कथित मारपीट की घटना से जुड़ी उनकी अधिकतर मांगों को मान लिया।
नलवा से विधायक रणधीर पनिहार ने इस संबंध में औपचारिक घोषणा की।
पनिहार ने देर रात प्रदर्शनकारी छात्रों के साथ बैठक के बाद संवाददाताओं से कहा, ‘‘छात्रों ने गेट नंबर चार के बाहर से धरना प्रदर्शन हटा लिया है।’’
एक छात्र प्रतिनिधि ने बताया कि 10 जून की घटना के बाद विश्वविद्यालय के कुछ अन्य अधिकारियों को निलंबित और स्थानांतरित करने जैसी मांगों को सरकार ने मान लिया है।
कुलपति बी आर कम्बोज को हटाने की मांग पर प्रतिनिधि ने बताया कि सरकार ने इस घटना की जांच के लिए जल्द एक समिति गठित करने का आश्वासन दिया है।
छात्र 10 जून को कुछ स्नातकोत्तर छात्रों के साथ हुई कथित मारपीट की घटना के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे। बताया गया है कि राज्य सरकार ने उनकी आठ में से सात मांगें मान लेने के बाद 25 जून को छात्रों के साथ सहमति बनाई थी।
कुलपति को हटाने के मामले में सरकार मांग पर बातचीत करने के लिए सहमत हो गई थी।
छात्रों का आरोप था कि उन्होंने संशोधित छात्रवृत्ति पात्रता नियमों को वापस लेने की मांग की थी, लेकिन कुलपति ने उन पर लाठीचार्ज करवाया। इसी के विरोध में वे कम्बोज को हटाने की मांग कर रहे थे।
हालांकि, 26 जून को छात्रों ने अपना रुख बदलते हुए कहा था कि वे तब तक गेट नंबर चार के बाहर से नहीं हटेंगे जब तक उन्हें लिखित में आश्वासन नहीं मिलता।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 25 जून को हुई बैठक से पहले छात्रों से बातचीत के लिए चार सदस्यीय समिति गठित की थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 02, 2025 07:50 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

