देश की खबरें | लोकतंत्र को बचाने के लिए जनता को आगे आना होगा: अखिलेश
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सोमवार को हुए मैनपुरी लोकसभा और रामपुर विधानसभा उपचुनाव में प्रशासनिक मशीनरी का दुरुपयोग करने का आरोप लगाते हुए कहा कि सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पुलिस के जरिये लोकतंत्र चलाना चाहती है और इसे बचाने के लिये जनता को आगे आना होगा।
कन्नौज (उत्तर प्रदेश), छह दिसंबर समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सोमवार को हुए मैनपुरी लोकसभा और रामपुर विधानसभा उपचुनाव में प्रशासनिक मशीनरी का दुरुपयोग करने का आरोप लगाते हुए कहा कि सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पुलिस के जरिये लोकतंत्र चलाना चाहती है और इसे बचाने के लिये जनता को आगे आना होगा।
पूर्व मंत्री विजय बहादुर पाल के निधन पर मंगलवार को शोक संवेदना व्यक्त करने इंदरगढ़ पहुंचे अखिलेश ने उपचुनावों का जिक्र करते हुए कहा, ''प्रदेश में हुए उपचुनाव में विपक्षी पार्टियों को पुलिस द्वारा डराया गया। लोकतंत्र को बचाने के लिये जनता को आगे आना पड़ेगा।''
उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा, ''वह पुलिस के सहारे लोकतंत्र चलाना चाहती है और विपक्षी पार्टियों को डराना—धमकाना चाहती है। मैनपुरी में सपा कार्यकर्ता काफी मजबूत थे, इसलिये उन्होंने मुकाबला किया। रामपुर में भी मुकाबला किया लेकिन वहां जनता से ज्यादा पुलिस लगा दी गई। इसलिए अब जनता को आगे आना होगा और लोकतंत्र को बचाना होगा।''
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा जब लोकतंत्र बचेगा तो संविधान सुरक्षित रहेगा और संविधान सुरक्षित रहेगा तभी देश सुरक्षित रहेगा।
उन्होंने उम्मीद जतायी कि मैनपुरी लोकसभा और रामपुर तथा खतौली विधानसभा के उपचुनाव के नतीजे सपा के पक्ष में रहेंगे।
गौरतलब है कि सपा ने उपचुनावों में सत्तारूढ़ भाजपा पर प्रशासनिक मशीनरी के दुरुपयोग का आरोप लगाया था। रामपुर में निवर्तमान विधायक आजम खां के परिजन ने पुलिस पर मतदाताओं को मतदान से जबरन रोकने का इल्जाम लगाया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)