देश की खबरें | खरगे की ‘जहरीले सांप’ संबंधी टिप्पणी पर अनुराग ठाकुर ने कहा, जनता कांग्रेस को करारा जवाब देगी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने शुक्रवार को दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ‘‘अपशब्द’’ कहने में कांग्रेस के भीतर होड़ मची है और पार्टी को जनता से करारा जवाब मिलेगा।

लेह, 28 अप्रैल केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने शुक्रवार को दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ‘‘अपशब्द’’ कहने में कांग्रेस के भीतर होड़ मची है और पार्टी को जनता से करारा जवाब मिलेगा।

ठाकुर ने यहां संवाददाताओं से कहा कि चुनाव मुद्दों पर लड़ा जाना चाहिए और किसी को भी व्यक्तिगत हमलों और अपशब्दों का सहारा नहीं लेना चाहिए।

वह कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा कर्नाटक में एक चुनावी रैली के दौरान प्रधानमंत्री को ‘‘जहरीला सांप’’ कहे जाने संबंधी टिप्पणी पर पूछे गए सवालों का जवाब दे रहे थे।

भाजपा के वरिष्ठ नेता ने आरोप लगाया कि लगातार चुनावी हार के बाद कांग्रेस बेचैन है, इसलिए प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ इस तरह के निचले स्तर का सहारा ले रही है।

ठाकुर ने दावा किया कि कांग्रेस नेता सोनिया गांधी ने मोदी को ‘‘मौत का सौदागर’’ करार दिया था जबकि अन्य नेताओं ने उन्हें ‘‘नीच’’ कहा था और चाय बेचने वाले के व्यक्ति के रूप में उनका (मोदी) मजाक उड़ाया था।

मंत्री ने कर्नाटक विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत का विश्वास जताते हुए कहा, ‘‘कांग्रेस में ‘मोदी की मौत’ की कामना करने वालों और उनकी कब्र खोदने के इच्छुक लोगों की कमी नहीं है। लोगों ने कांग्रेस को पहले भी करारा जवाब दिया है और वे फिर से ऐसा करेंगे।’’

उल्लेखनीय है कि कर्नाटक में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए खरगे ने बृहस्पतिवार को मोदी की तुलना ‘‘जहरीले सांप’’ से की थी। इस पर विवाद बढ़ने के बाद खरगे ने कहा कि उनकी टिप्पणी प्रधानमंत्री के लिए नहीं, बल्कि सत्तारूढ़ भाजपा के लिए थी।

कर्नाटक में विधानसभा चुनाव के लिए 10 मई को मतदान होगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now