देश की खबरें | संदिग्ध गतिविधियों के प्रति सतर्क रहे लोग: जम्मू-कश्मीर पुलिस ने जारी किया परामर्श
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. जम्मू-कश्मीर पुलिस ने बुधवार को जम्मू क्षेत्र में 'सतर्कता संबंधी परामर्श' जारी कर निवासियों से संदिग्ध व्यक्तियों और वस्तुओं की आवाजाही के प्रति सजग रहने का आग्रह किया है।
जम्मू, 12 जून जम्मू-कश्मीर पुलिस ने बुधवार को जम्मू क्षेत्र में 'सतर्कता संबंधी परामर्श' जारी कर निवासियों से संदिग्ध व्यक्तियों और वस्तुओं की आवाजाही के प्रति सजग रहने का आग्रह किया है।
अधिकारियों ने बताया कि उन्होंने जम्मू और राजौरी के निवासियों के लिये परामर्श जारी किया है कि वे अपने वाहन चालू करने से पहले उसकी अच्छी तरह जांच कर लें।
उन्होंने बताया कि राजौरी और जम्मू जिलों में आतंकवादी खतरे के संबंध में क्षेत्र में सुरक्षा परामर्श जारी किया गया है।
उन्होंने बताया कि पुलिस वाहनों पर लाउडस्पीकर लगाकर अखनूर और जम्मू क्षेत्रों में घोषणाएं की गयीं तथा लोगों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि या वस्तु की सूचना देने का आग्रह किया गया।
उन्होंने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) जम्मू डॉ. विनोद कुमार ने अखनूर में चौकियों और पुलिस प्रतिष्ठानों की सुरक्षा समीक्षा की तथा पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को उनके कार्यक्षेत्र में सतर्क रहने के निर्देश जारी किए।
सुरक्षा के यह कड़े कदम आतंकी खतरे के संकेत देने वाली खुफिया सूचनाओं के बाद उठाए गए हैं।
पुलिस ने जम्मू और सांबा जिलों के अधिकारियों के लिए संपर्क नंबर जारी किए हैं और निवासियों से कहा कि वे किसी भी संभावित आतंकी गतिविधि की जानकारी दें।
यह परामर्श पिछले तीन दिनों में रियासी, कठुआ और डोडा जिलों में हुए तीन आतंकवादी हमलों के मद्देनजर जारी किया गया है। इन घटनाओं में सीआरपीएफ के एक जवान समेत 10 लोगों की मौत हो गई जबकि सात सुरक्षाकर्मियों समेत 48 लोग घायल हो गए।
जम्मू-कश्मीर के पुंछ, राजौरी और रियासी जिलों में तलाशी और घेराबंदी अभियान जारी है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)