देश की खबरें | मेघालय के लोग भाजपा पर भरोसा नहीं करते : कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस की मेघालय इकाई के प्रमुख विन्सेंट एच पाला ने दावा किया कि राज्य के लोग भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर ‘‘भरोसा नहीं करते हैं।’’

खलीहरियात (मेघालय), सात फरवरी कांग्रेस की मेघालय इकाई के प्रमुख विन्सेंट एच पाला ने दावा किया कि राज्य के लोग भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर ‘‘भरोसा नहीं करते हैं।’’

उन्होंने भाजपा पर यह आरोप भी लगाया कि वह जिन राज्यों में सत्ता में है, वहां ईसाइयों को हाशिये पर डाल रही है। पाला ने कहा, ‘‘महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश या कर्नाटक और असम में भी ईसाइयों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जहां भी भाजपा ने कदम रखा है, ईसाई हाशिये पर हैं। मेघालय में ईसाई आबादी का हिस्सा 75 प्रतिशत से अधिक है लेकिन वे भाजपा पर भरोसा नहीं करते।’’

कांग्रेस सांसद ने कहा, ‘‘भाजपा ने केंद्र में अपने शासन के नौ साल बाद भी मेघालय के लोगों के लिए कुछ भी उल्लेखनीय कार्य नहीं किया है।’’

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री और केंद्रीय गृह मंत्री के लिए शिलांग का दौरा करना और योजनाओं और परियोजनाओं का उद्घाटन करना अच्छा हो सकता है, लेकिन उन्हें ‘‘राजनीतिक टिप्पणी करने से बचना चाहिए क्योंकि यहां उनकी यात्रा का खर्च केंद्र सरकार द्वारा वहन किया जाता है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री या गृह मंत्री स्टार प्रचारक के रूप में मेघालय की यात्रा कैसे कर सकते हैं, जब उनकी यात्रा का खर्च सरकार द्वारा वहन किया जा रहा है? ऐसी परियोजनाओं का शिलान्यास करिए जिनसे राज्य के लोगों को लाभ हो।’’

कांग्रेस नेता सोमवार को कहा, ‘‘उन्होंने (प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी) गारो हिल्स (पूर्व के वर्षों में) में प्रचार किया था, क्योंकि वे असम से भीड़ ला सकते हैं।’’ पाला ने यह भी उल्लेख किया कि कांग्रेस आगामी चुनावों के लिए अपने स्टार प्रचारकों को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया में है।

उन्होंने कहा, ‘‘राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और शशि थरूर भी कांग्रेस के स्टार प्रचारकों में शामिल होंगे। हम नामों को अंतिम रूप दे रहे हैं... मेघालय से 20 अन्य लोगों को जोड़ा जाएगा।’’

पाला ने कहा कि कांग्रेस 9 या 10 फरवरी तक अपना चुनावी घोषणापत्र जारी कर देगी। मेघालय की 60 सदस्यीय विधानसभा के लिए चुनाव 27 फरवरी को होंगे और मतगणना दो मार्च को होगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\