एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | अदाणी रिश्वत मामले में शामिल लोग कांग्रेस से जुड़े हैं: भाजपा अध्यक्ष

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की आंध्र प्रदेश ईकाई की अध्यक्ष डी. पुरंदेश्वरी ने शुक्रवार को कहा कि अमेरिका द्वारा अदाणी समूह पर लगाए गए आरोप गंभीर सवाल खड़ा करते हैं और दावा किया कि इन आरोपों में शामिल सभी लोग कांग्रेस पार्टी से जुड़े हैं।

देश की खबरें | अदाणी रिश्वत मामले में शामिल लोग कांग्रेस से जुड़े हैं: भाजपा अध्यक्ष

अमरावती, 22 नवंबर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की आंध्र प्रदेश ईकाई की अध्यक्ष डी. पुरंदेश्वरी ने शुक्रवार को कहा कि अमेरिका द्वारा अदाणी समूह पर लगाए गए आरोप गंभीर सवाल खड़ा करते हैं और दावा किया कि इन आरोपों में शामिल सभी लोग कांग्रेस पार्टी से जुड़े हैं।

अदाणी समूह के अध्यक्ष गौतम अदाणी पर अमेरिकी अभियोजकों ने भारत में सौर बिजली अनुबंध हासिल करने के लिए अनुकूल शर्तों के बदले भारतीय अधिकारियों को 26.5 करोड़ डॉलर (लगभग 2,200 करोड़ रुपये) की रिश्वत देने में कथित तौर पर शामिल होने का आरोप लगाया है।

अदाणी समूह ने बृहस्पतिवार को सौर ऊर्जा अनुबंधों के लिए अनुकूल शर्तें हासिल करने के लिए रिश्वत देने के आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि अमेरिकी अभियोजकों द्वारा लगाए गए आरोप निराधार हैं और समूह सभी कानूनों का अनुपालन करता है। समूह ने कहा कि सभी संभव कानूनी उपाय तलाशे जाएंगे।

पुरंदेश्वरी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘अदाणी समूह के खिलाफ अमेरिकी एसईसी (प्रतिभूति और विनिमय आयोग) द्वारा हाल ही में लगाए गए आरोपों ने गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं... यह स्थिति राहुल गांधी के लिए एक महत्वपूर्ण सवाल है क्योंकि भ्रष्टाचार के इन आरोपों में शामिल सभी व्यक्ति कांग्रेस पार्टी से जुड़े हैं, कोई भी भाजपा से नहीं है।’’

तमिलनाडु में द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) सरकार, आंध्र प्रदेश में पूर्ववर्ती वाईएसआरसीपी सरकार, छत्तीसगढ़ में पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार और ओडिशा में पूर्ववर्ती बीजू जनता दल (बीजद) सरकार का जिक्र करते हुए पुरंदेश्वरी ने दावा किया कि ये सरकारें ‘‘कांग्रेस के करीब’’ थीं।

उन्होंने कहा, ‘‘उनका आरोप है कि जुलाई 2021 से फरवरी 2022 के बीच ओडिशा, जम्मू-कश्मीर, तमिलनाडु, छत्तीसगढ़ और आंध्र प्रदेश में बिजली वितरण कंपनियों ने सोलर एनर्जी कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (एसईसीआई) के साथ बिजली बिक्री समझौते (पीएसए) पर हस्ताक्षर किए।’’

भाजपा नेता के अनुसार, एसईसी ने दावा किया है कि रिश्वतखोरी के मामलों में आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी और अन्य अधिकारी जुड़े हुए हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि अदाणी सोनिया गांधी के दामाद रॉबर्ट वाद्रा के करीबी हैं। भाजपा नेता ने हैरानी जताई की ‘‘वह (राहुल गांधी) इन कथित घोटालों के लिए भाजपा को कैसे जवाबदेह ठहरा सकते हैं।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Nov 22, 2024 02:54 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).