एजेंसी न्यूज

Punjab: आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल का बड़ा बयान, कहा- पंजाब में जनता को चुनना चाहिए मुख्यमंत्री पद के लिए आम आदमी पार्टी का चेहरा

मान के अलावा शीर्ष पद की दौड़ में शामिल अन्य नेताओं के नाम के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि लोगों को अपनी पसंद का उम्मीदवार चुनने दें. इस सवाल पर कि क्या पार्टी में मान के नाम पर आम सहमति है और क्या वह जनता की राय इसलिए मांग रही है ताकि संगरूर के सांसद के नाम पर मुख्यमंत्री पद के चेहरे के रूप में मुहर लगाई जा सके, केजरीवाल ने कहा कि पार्टी लोगों के फैसले का पालन करेगी.

Punjab: आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल का बड़ा बयान, कहा- पंजाब में जनता को चुनना चाहिए मुख्यमंत्री पद के लिए आम आदमी पार्टी का चेहरा
सीएम अरविंद केजरीवाल (Photo Credits: ANI)

चंडीगढ़: आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) ने बृहस्पतिवार को लोगों से यह बताने को कहा कि पंजाब विधानसभा चुनाव (Punjab Assembly Elections) में मुख्यमंत्री पद के लिए पार्टी का चेहरा कौन होना चाहिए. उन्होंने कहा कि इस पद के लिए उनकी पसंद हालांकि पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भगवंत मान (Bhagwant Mann) हैं. केजरीवाल ने खुद को पंजाब के मुख्यमंत्री पद की दौड़ से बाहर बताया. Punjab Election 2022: पंजाब फतेह करने के लिए अरविंद केजरीवाल का मास्टर स्ट्रोक, किए ये बड़े ऐलान

आप ने "जनता चुनेगी अपना सीएम" अभियान शुरू किया. केजरीवाल ने कहा कि शीर्ष पद के लिए उम्मीदवार के नाम की घोषणा लोगों की प्रतिक्रिया मिलने के बाद की जाएगी. दिल्ली के मुख्यमंत्री ने भगवंत मान और पार्टी के वरिष्ठ नेता राघव चड्ढा की मौजूदगी में एक मोबाइल नंबर जारी किया जिस पर लोग 17 जनवरी शाम पांच बजे तक अपनी आवाज में संदेश रिकॉर्ड करके, एसएमएस भेजकर या व्हाट्सऐप से इस बारे में अपनी राय बता सकते हैं कि पार्टी के नेताओं में से वे किसे मुख्यमंत्री पद के चेहरे के रूप में देखना चाहते हैं.

केजरीवाल ने कहा, ‘‘नहीं, अरविंद केजरीवाल इस दौड़ में नहीं है. मैं स्पष्ट कर दूं कि मैं इसमें नहीं हूं.’’

उन्होंने जून 2021 में घोषणा की थी कि 2022 के विधानसभा चुनाव के लिए के लिए पार्टी का मुख्यमंत्री पद का दावेदार सिख समुदाय से होगा.

केजरीवाल ने कहा कि वह चाहते हैं कि मान को मुख्यमंत्री पद का चेहरा बनाया जाए लेकिन मान चाहते हैं कि पंजाब की जनता को यह फैसला करना चाहिए.

उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘भगवंत मान मेरे छोटे भाई हैं. वह आप पार्टी के बड़े नेता हैं. मैंने कहा था कि भगवंत मान को मुख्यमंत्री बनाया जाना चाहिए, लेकिन उन्होंने कहा कि पहले लोगों से पूछना चाहिए. उन्होंने कहा कि बंद दरवाजों में मुख्यमंत्री पद के दावेदार के नाम पर फैसला करने का चलन बंद होना चाहिए.’’

मान ने कहा कि जब उनसे कहा गया कि उनके नाम को पार्टी के मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किया जाएगा, तो उन्होंने केजरीवाल से कहा कि पहले लोगों से पूछा जाना चाहिए कि वे पार्टी के नेताओं में से किसे मुख्यमंत्री के रूप में देखना चाहते हैं.

उन्होंने कहा, "मैं पार्टी का एक वफादार सिपाही हूं. मुझे जो भी कर्तव्य दिया जाएगा, मैं उसे निभाऊंगा. अगर मुझे दीवारों पर पोस्टर चिपकाने या किसी चौक पर पार्टी का चुनाव चिह्न लहराने के लिए कहा जाता है, तो मैं खुशी-खुशी ऐसा करूंगा. मेरे लिए, पंजाब महत्वपूर्ण है. … केजरीवाल ने मुझ पर बहुत भरोसा किया है.”

केजरीवाल ने कहा कि स्वतंत्र भारत में संभवत: पहली बार ऐसा हो रहा होगा कि कोई पार्टी जनता से पूछ रही है कि मुख्यमंत्री पद के लिए चेहरा किसे बनाया जाना चाहिए. दिल्ली के मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘मेरी व्यक्तिगत पसंद महत्वपूर्ण नहीं है. पंजाब के लोगों द्वारा चुने गए नाम की घोषणा पार्टी के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में की जाएगी.’’

यह पूछे जाने पर कि क्या पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी आप और चुनाव लड़ने वाले किसान मोर्चे के बीच चुनाव पूर्व गठबंधन के लिए मध्यस्थता कर सकती हैं, केजरीवाल ने कहा, ‘‘हमारे लिए, पंजाब महत्वपूर्ण है. पंजाब की प्रगति के लिए, सभी ताकतों को हाथ मिलाना चाहिए.’’

उन्होंने कुछ टेलीविजन चैनलों और अन्य मीडिया प्रतिष्ठानों द्वारा किए गए चुनाव पूर्व सर्वेक्षणों का उल्लेख किया, जिनमें कहा गया है कि आप को 117 सदस्यीय पंजाब विधानसभा में करीब 60 सीट मिल सकती हैं और वह राज्य में सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरेगी.

दिल्ली के मुख्यमंत्री ने कहा कि यह स्पष्ट है कि आप पंजाब में अगली सरकार बनाएगी, लेकिन पार्टी की कम से कम 80 विधानसभा सीट पर नजर है और वह पार्टी के सभी स्वयंसेवकों तथा मतदाताओं से लक्ष्य प्राप्ति के लिए पूरा समर्थन देने की अपील करते हैं.

मान के अलावा शीर्ष पद की दौड़ में शामिल अन्य नेताओं के नाम के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि लोगों को अपनी पसंद का उम्मीदवार चुनने दें. इस सवाल पर कि क्या पार्टी में मान के नाम पर आम सहमति है और क्या वह जनता की राय इसलिए मांग रही है ताकि संगरूर के सांसद के नाम पर मुख्यमंत्री पद के चेहरे के रूप में मुहर लगाई जा सके, केजरीवाल ने कहा कि पार्टी लोगों के फैसले का पालन करेगी.

उन्होंने कहा, "हम एक अच्छा उम्मीदवार देना चाहते हैं, जिसे लोग पसंद करते हों. पंजाब और देश हमें प्रिय हैं. पंजाब की प्रगति के लिए, अगर पंजाबी कहते हैं कि यह उम्मीदवार मुख्यमंत्री पद का चेहरा होना चाहिए, तो वह हमारा मुख्यमंत्री चेहरा होगा. हमने जनता के सामने सब कुछ रखा है और तीन करोड़ पंजाबियों पर फैसला छोड़ दिया है."

खरड़ में एक दिन पहले घर-घर जाकर चुनाव प्रचार के दौरान दिशानिर्देशों के कथित उल्लंघन पर निर्वाचन आयोग द्वारा आप को नोटिस जारी किए जाने के बारे में पूछे जाने पर, केजरीवाल ने कहा कि निर्वाचन आयोग को जवाब दिया गया है. पंजाब दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘सुरक्षा में हुई चूक’ पर पूछे गए एक अन्य सवाल का जवाब में उन्होंने कहा कि अगर आप राज्य में सरकार बनाती है तो प्रधानमंत्री और राज्य के लोग सुरक्षित रहेंगे.

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jan 13, 2022 07:59 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).