देश की खबरें | शराब की अवैध बिक्री में लगे लोगों ने गुरुग्राम के एक रेस्तरां पर हमला किया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. हरियाणा के गुरुग्राम में सोहना चौक के निकट पुराने जेल परिसर में स्थित एक रेस्तरां पर करीब दो दर्जन लोगों ने कथित तौर पर हमला कर दिया। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
गुरुग्राम, 16 दिसंबर हरियाणा के गुरुग्राम में सोहना चौक के निकट पुराने जेल परिसर में स्थित एक रेस्तरां पर करीब दो दर्जन लोगों ने कथित तौर पर हमला कर दिया। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
समूह ने कथित तौर पर रेस्तरां संचालक सहित तीन लोगों पर हमला किया और वहां खड़े कई वाहनों में तोड़फोड़ की।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, जिस स्थान पर हमला किया गया वहां रेस्तरां के सामने खुलेआम शराब पीने और बेचने वालों का जमावड़ा रहता है, जिस पर रेस्तरां संचालक ने आपत्ति जताई थी।
उन्होंने कहा कि वे लोग सोमवार को फिर आए और रेस्तरां में खड़े कुछ वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया तथा दिनदहाड़े एक कार में आग लगा दी।
अधिकारियों ने बताया कि जब तक दमकल कर्मी पहुंचे तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी।
यह घटना इस्लामपुर गांव के मूल निवासी हरीश शर्मा द्वारा संचालित रेस्तरां ‘जेल की रोटी बोटी’ में हुई।
रविवार रात हरीश, उसका भाई अरुण और एक दोस्त मोहित रेस्तरां में थे कि तभी रात करीब 11 बजे दो दर्जन से ज्यादा लोग हथियारों से लैस होकर वहां आए और उन्हें पीटना शुरू कर दिया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, शर्मा के सिर पर बोतल से वार किया गया और अरुण पर चाकू से हमला किया गया।
उन्होंने बताया कि इसके बाद हमलावरों ने तीन ऑटो रिक्शा और दो बाइक को क्षतिग्रस्त कर दिया तथा भाग गए।
घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस प्रवक्ता ने कहा कि मामले में अभी तक कोई शिकायत दर्ज नहीं की गई है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Dec 17, 2024 01:06 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

