पणजी, 13 मई गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने बुधवार को कहा कि विशेष ट्रेनों और विमानों से राज्य में आने वाले लोगों को 14 दिनों के लिए पृथक-वास में रहना होगा। यह बात गैर-गोवा निवासियों पर भी लागू होगी।
सावंत ने यहां संवाददाताओं से बात करते हुए कहा कि 15 मई से विशेष ट्रेनों द्वारा राज्य में आने वाले सभी यात्रियों को अपने पृथक-वास की व्यवस्था करनी होगी। जो लोग विमानों से आ रहे हैं उन्हें भी यह व्यवस्था करनी होगी।
उन्होंने कहा, ‘‘उन्हें 14 दिनों के लिए अपने होटल के भीतर रहना होगा। वे समुद्र तटों पर प्रवेश नहीं कर सकेंगे जिन्हें बंद रखा गया है। वे यहां मजे करने के लिए नहीं आ सकेंगे।’’
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि मडगांव स्टेशन पर ट्रेन से पहुंचने वाले सभी लोगों को विशेष बसों में फतोर्दा स्टेडियम ले जाया जाएगा जहां उनकी कोविड-19 की जांच की जाएगी। परिणाम आने के बाद ही उन्हें जाने दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि विमानों से आने वालों का हवाई अड्डे पर ही परीक्षण किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मोरमुगाओ पोर्ट ट्रस्ट (एमपीटी) द्वारा भी इसी तरह की व्यवस्था की गई हैं, जहां जहाजों से पहुंचने वाले लोगों की जांच के बाद ही उन्हें बाहर निकलने की अनुमति दी जाएगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)










QuickLY