देश की खबरें | केरल के लॉटरी विजेता के पीछे पड़े लोग, घर में रहना भी दूभर हुआ
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केरल में 25 करोड़ रुपये की लॉटरी जीतकर रातोंरात अमीर बने ऑटोरिक्शा चालक अनूप के लिए अलादीन का यह चिराग अब गले की फांस बन गया है।
तिरुवनंतपुरम, 25 सितंबर केरल में 25 करोड़ रुपये की लॉटरी जीतकर रातोंरात अमीर बने ऑटोरिक्शा चालक अनूप के लिए अलादीन का यह चिराग अब गले की फांस बन गया है।
केरल में तिरुवनंतपुरम के रहने वाले अनूप ने 18 सितंबर को 25 करोड़ रुपये की ओणम बंपर लॉटरी जीती थी। इससे पहले उनकी मलेशिया जाकर रसोइए के तौर पर काम करने की योजना थी।
अनूप ने हाल में फेसबुक पर एक वीडियो अपलोड कर कहा कि उन्हें अपना घर छोड़ना पड़ा है क्योंकि दूरदराज के इलाकों से भी लोग उनसे वित्तीय मदद मांगने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोग उनके पीछे पड़ गए हैं जबकि वे उन्हें बता चुके हैं कि उन्हें अभी लॉटरी की रकम नहीं मिली है।
वीडियो में परेशान अनूप को यह कहते हुए सुना गया, ‘‘मुझे घर बदलते रहना होगा। मैं अपने रिश्तेदार के घर गया था और वहां ठहरा था लेकिन किसी तरह लोगों ने वह जगह भी ढूंढ निकाली और वहां आ गए। अब मैं अपने घर आ गया हूं क्योंकि मेरे बच्चे की तबीयत ठीक नहीं है। मैं अपने बच्चे को अस्पताल नहीं ले जा सकता हूं क्योंकि लोग आकर मुझसे मदद मांग रहे हैं। मुझे कोई पैसा भी नहीं मिला है।’’
उन्होंने कहा कि जब उन्हें लॉटरी के बारे में पता चला था तो वह बहुत खुश थे लेकिन अब हालात बदल गए हैं और वह अपने घर में भी नहीं रह पा रहे हैं।
अनूप ने कहा कि उनके पड़ोसी भी अब परेशान हो गए हैं क्योंकि मदद मांगने के लिए विभिन्न स्थानों से आ रहे लोग आसपास के मकानों या इलाकों के पास घूम रहे हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘मैं अपने बच्चे से मिलने भी नहीं आ सकता। अभी मुझे लग रहा है कि मुझे प्रथम पुरस्कार नहीं जीतना चाहिए था। दूसरा या तीसरा पुरस्कार ही काफी होता।’’
तिरुवनंतपुरम के समीप श्रीवरहम के रहने वाले अनूप ने 17 सितंबर को विजयी टिकट ‘टीजे 750605’ खरीदा था।
अनूप को कर कटौती के बाद संभवत करीब 15 करोड़ रुपये मिलेंगे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Sep 25, 2022 10:18 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

