देश की खबरें | भाजपा से जुड़े लोगों ने पदयात्रा के दौरान केजरीवाल पर हमले का प्रयास किया: आप

नयी दिल्ली, 25 अक्टूबर आम आदमी पार्टी (आप) ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि भाजपा से जुड़े लोगों ने पश्चिमी दिल्ली के विकासपुरी में पदयात्रा के दौरान पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल पर हमला करने का प्रयास किया।

आप नेता सौरभ भारद्वाज ने यह आरोप लगाया और कहा कि यह भाजपा की कायराना हरकत है।

उन्होंने कहा कि ऐसा इसलिए किया गया क्योंकि केजरीवाल लोगों के बीच जा रहे हैं, जहां उन्हें प्यार और अपनापन मिल रहा है।

भारद्वाज ने कहा, “हम एक बात साफ करना चाहते हैं कि अगर केजरीवाल की जान को कोई खतरा हुआ या उन्हें कोई नुकसान पहुंचा तो इसकी जिम्मेदार केवल भाजपा होगी।”

केजरीवाल समेत आप के विभिन्न नेता फरवरी 2025 में होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर विधानसभा क्षेत्रों में पदयात्राएं कर रहे हैं।

आप के आरोप पर भाजपा की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)