तत्कालीन राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के कार्यकाल के दौरान चार वर्षों तक उपराष्ट्रपति पद पर सेवा देने वाले पेंस ने वीडियो में कहा, ‘‘अलग-अलग समय अलग-अलग नेतृत्व की मांग करते हैं।’’ डेस मोइनेस में प्रचार अभियान की शुरूआत होने से पहले यह वीडियो ‘फॉक्स न्यूज’ और ट्विटर के जरिये जारी किया गया।
उन्होंने कहा, ‘‘आज हमारी पार्टी और हमारे देश को एक ऐसे नेता की जरूरत है जो सहयोग और परोपरकारिता की ओर ले जाये, जैसा कि (पूर्व राष्ट्रपति अब्राहम) लिंकन ने कहा था।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हालांकि दरकिनार रहना आसान होता, लेकिन मेरा अतीत ऐसा नहीं रहा है। यही कारण है कि मैं आज ईश्वर और अपने परिवार को साक्षी मानते हुए अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में उम्मीदवारी की दौड़ में शामिल होने की घोषणा करता हूं।’’
हालांकि, ट्रंप पहले ही कह चुके हैं कि वह रिपब्लिकन पार्टी का उम्मीदवार बनने की दौड़ में शामिल होंगे। इसतरह, ऐसा पहली बार होगा जब रिपब्लिकन पार्टी से राष्ट्रपति पद की उम्मीदवारी हासिल करने की कोशिश में किसी पूर्व राष्ट्रपति को अपने कार्यकाल में उपराष्ट्रपति रहे व्यक्ति से चुनौती का सामना करना पड़ेगा।
उनके अलावा, फ्लोरिडा के गवर्नर रोन डेसेंटीस, पूर्व अमेरिकी राजदूत निक्की हेली, दक्षिण कैरोलीना के सीनेटर टिम स्कॉट, न्यूजर्सी के पूर्व गवर्नर क्रिस क्रिस्टी और आरकंसस के पूर्व गवर्नर एसा हचिंसन भी रिपब्लिकन पार्टी से उम्मीदवार हासिल करने की दौड़ में शामिल हैं।
पेंस और उनके सलाहकार, आयोवा को उनके नामांकन के लिए महत्वपूर्ण स्थान मान रहे हैं। रिपब्लिकन पार्टी के भीतर नामांकन संबंधी मतदान सबसे पहले इसी राज्य में होगा।
आयोवा में बड़ी संख्या में ईसाई मतदाता हैं और पेंस के समर्थक इस राज्य को पूर्व उपराष्ट्रपति के संभावित निर्वाचन क्षेत्र के रूप में देखते हैं। उन्हें यह भी लगता है कि अमेरिकी संसद में इंडियाना का प्रतिनिधित्व करने वाले पेंस का व्यक्तित्व इस राज्य के लिए उपयुक्त है।
पेंस की उम्मीदवारी का समर्थन करने के लिए पिछले महीने शुरू किए गए ‘सुपर पीएसी’ अभियान के सह-अध्यक्ष स्कॉट रीड ने कहा, ‘‘हमारा मानना है कि जीत का रास्ता आयोवा और उसकी 99 काउंटी से होकर गुजरता है।’’
इससे पहले, सूत्रों ने बताया था कि पेंस बुधवार को अपने 64वें जन्मदिन के मौके पर डेस मोइंस में एक कार्यक्रम में अपनी उम्मीदवारी के बारे में आधिकारिक घोषणा कर सकते हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY