खेल की खबरें | पीसीए के नए अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम का नाम पटियाला के अंतिम राजा के नाम पर

चंडीगढ़, नौ अगस्त पंजाब क्रिकेट संघ (पीसीए) ने मुल्लांपुर में अपने नए स्टेडियम का नाम पूर्ववर्ती पटियाला राज्य के अंतिम राजा स्व. महाराजा यादविंद्र सिंह के नाम पर रखने का फैसला किया है। यादविंद्र 1934 में भारत की ओर से टेस्ट मैच खेले थे।

वह पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह के पिता थे।

यह भी पढ़े | Former India and Mohun Bagan Player Manitombi Singh Dies: भारतीय फुटबॉल टीम के पूर्व डिफेंडर और मोहन बागान के कप्तान रहे मनितोम्बी सिंह का 39 साल की उम्र में निधन.

पीसीए अध्यक्ष राजिंदर गुप्ता और सचिव पुनीत बाली के अलावा संघ के अन्य पदाधिकारियों की मौजूदगी में हुई बैठक में यह फैसला किया गया।

बाली ने कहा, ‘‘इस विचार का प्रस्ताव पीसीए अध्यक्ष ने रखा और इसे स्वीकृति दे दी गई।’’

यह भी पढ़े | IPL 2020: वीवो के जाने पर बोले सौरव गांगुली ने कहा- इसे वित्तीय संकट नहीं कहूंगा.

पीसीए ने मौजूदा आईएस बिंद्रा स्टेडियम के नवीनीकरण की प्रक्रिया भी शुरू की जिससे कि इसे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी में परिवर्तित किया जा सके।

बाली ने कहा कि नवीनीकरण के बाद यहां मैदान, तरणताल, जिम और अन्य बुनियादी ढांचों की सुविधा उपलब्ध होगी।

मुल्लांपुर में 38.2 एकड़ में बने स्टेडियम की रूपरेखा पूर्व पीसीए अध्यक्ष आईएस बिंद्रा ने तैयार की थी।

शीर्ष परिषद की बैठक में जिन अन्य एजेंडा को स्वीकृति दी गई उनमें पीसीए ने अनुबंधित क्रिकेटरों की संख्या 30 से बढ़ाकर 40 करने का फैसला किया जिसमें 10 महिला खिलाड़ी भी शामिल होंगी।

बाली ने कहा कि बैठक का एक मुख्य एजेंडा छात्रवृत्ति योजना को स्वीकृति देना था।

उन्होंने कहा, ‘‘जिला विकास योजना को लागू करने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति दी गई। इस योजना के तहत पंजाब के 18 जिला संघों को विकास का एजेंडा सौंपना होगा और पीसीबी की निरीक्षण समिति इस योजना का अध्ययन करेगी।’’

छोटे और बड़े जिलों के अनुदान में इजाफे का भी फैसला किया गया।

उन्होंने कहा, ‘‘महामारी के दौरान काम करने वाले कार्याचल कर्मचारियों और मैदानकर्मियों को 40 हजार रुपये का बोनस दिया जाएगा।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)