देश की खबरें | बाफ्टा में पायल कपाड़िया की ‘ऑल वी इमेजिन ऐज लाइट’ पुरस्कार से चूकी

नयी दिल्ली, 17 फरवरी निर्देशक पायल कपाड़िया की समीक्षकों द्वारा प्रशंसित फिल्म ‘‘ऑल वी इमेजिन एज लाइट’’ ब्रिटिश एकेडमी फिल्म अवार्ड्स (बाफ्टा) में गैर-अंग्रेजी श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ फिल्म का पुरस्कार हासिल करने से चूक गई। इस श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ फिल्म का पुरस्कार फ्रांसीसी फिल्म ‘‘एमिलिया पेरेज’’ को मिला।

ब्रिटिश-भारतीय फिल्मकार संध्या सूरी की फिल्म ‘‘संतोष’’, ब्रिटिश-भारतीय निर्देशक करण कंधारी की ‘‘सिस्टर मिडनाइट’’ और भारतीय मूल के ब्रिटिश अभिनेता देव पटेल की पहली निर्देशित फिल्म ‘‘मंकी मैन’’ भी ब्रिटिश लेखक, निर्देशक या निर्माता की श्रेणी में उत्कृष्ट पदार्पण के लिए बाफ्टा पुरस्कार पाने से चूक गईं।

‘‘नीकैप’’ के निर्देशक रिच पेप्पिएट को ब्रिटिश लेखक, निर्देशक या निर्माता वर्ग में उत्कृष्ट पदार्पण के लिए बाफ्टा पुरस्कार मिला।

‘‘एमिलिया पेरेज’’ की मुख्य कलाकार कार्ला सोफिया गैसकॉन के पुराने ‘इस्लामोफोबिक और नस्लवादी’ ट्वीट को लेकर उठे विवाद के बावजूद फिल्म ने लंदन में आयोजित समारोह में पुरस्कार जीता, जबकि फिल्म की दूसरी मुख्य अभिनेत्री जो सलदाना ने सहायक अभिनेत्री वर्ग में बाफ्टा पुरस्कार जीता।

जैक्स ऑडियार्ड द्वारा निर्देशित फ्रेंच फिल्म ‘‘एमिलिया पेरेज’’ मेक्सिको की चार महिलाओं की कहानी है, जिनमें से प्रत्येक अपनी खुशी की तलाश में है। कार्टेल लीडर एमिलिया (गैसकॉन) रीटा (सलदाना) नामक एक वकील को अपनी मौत का नाटक करने में मदद करने के लिए बुलाती है, जिससे वह आखिरकार अपने असली रूप में प्रामाणिक रूप से जी सके।

फिल्म की टीम और नेटफ्लिक्स ने गैसकॉन से दूरी बना ली है, लेकिन ऑडियार्ड ने अपने संबोधन में उन्हें धन्यवाद दिया। गैसकॉन समारोह में शामिल नहीं हुईं।

‘‘ऑल वी इमेजिन...’’ मुंबई में रहने वाली दो मलयाली नर्सों और उनकी दोस्ती के इर्द-गिर्द घूमती है। मलयालम-हिंदी फिल्म ने पिछले साल मई में कान में ग्रैंड प्री जीतने वाली भारत की पहली फिल्म बनकर इतिहास रच दिया था।

समारोह के कुछ घंटों बाद, कपाड़िया की फिल्म के आधिकारिक इंस्टाग्राम पेज ने निर्देशक की साथी कलाकारों के साथ चर्चा की एक तस्वीर साझा की। इंस्टाग्राम स्टोरी के कैप्शन में लिखा था, ‘‘जीतें या हारें, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय फिल्मों के लिए यह साल अच्छा रहा।’’

इस साल की शुरुआत में, ‘‘एमिलिया पेरेज’’ ने ‘‘ऑल वी इमेजिन...’’, ‘‘द गर्ल विद द नीडल’’, ‘‘आई एम स्टिल हियर’’, ‘‘द सीड ऑफ द सेक्रेड फिग’’ और ‘‘वर्मीग्लियो’’ को पछाड़ते हुए गैर-अंग्रेजी श्रेणी में गोल्डन ग्लोब का पुरस्कार भी जीता था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)