एजेंसी न्यूज

पवार ने प्रवासियों की सुगम घर वापसी का मोदी से किया अनुरोध

कोरोना वायरस की वजह से जारी लॉकडाउन के दौरान प्रवासी कामगारों की उनके गृह राज्य वापसी के मुद्दे पर पवार ने रेल मंत्री पीयूष गोयल और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से फोन पर बात की।

पवार ने प्रवासियों की सुगम घर वापसी का मोदी से किया अनुरोध
जमात

मुंबई, नौ मई राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) प्रमुख शरद पवार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अनुरोध किया कि वह उन राज्यों के मुख्यमंत्रियों से बात करें जो प्रवासी कामगारों को वापस घर आने की इजाजत नहीं दे रहे हैं।

कोरोना वायरस की वजह से जारी लॉकडाउन के दौरान प्रवासी कामगारों की उनके गृह राज्य वापसी के मुद्दे पर पवार ने रेल मंत्री पीयूष गोयल और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से फोन पर बात की।

राकांपा प्रमुख ने ट्वीट किया, “मैं विनम्रता पूर्वक हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी से अनुरोध करता हूं कि वो उन संबंधित राज्यों के मुख्यमंत्रियों से बात कर मामले में दखल दें जो इन लोगों को वापस घर आने की इजाजत नहीं दे रहे हैं।”

उन्होंने ट्वीट में हालांकि किसी राज्य का नाम नहीं लिया लेकिन राकांपा ने हाल में आरोप लगाया था कि भाजपा शासित उत्तर प्रदेश और कर्नाटक अपने राज्य के श्रमिकों को वापस नहीं लेना चाहते।

पवार ने ट्वीट किया, “महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे और रेल मंत्री पीयूष गोयल के साथ प्रवासी कामगारों के मुद्दे पर चर्चा की।”

उन्होंने कहा कि ठाकरे ने उन्हें आश्वस्त किया है कि अपने गृह राज्य जाने के इच्छुक कामगारों के परिवहन के लिये इंतजाम कर रहे हैं।

पवार ने कहा, “इस यात्रा के लिये राज्य परिवहन की बसों का इस्तेमाल किया जाएगा।”

पवार ने कहा कि गोयल ने भी ट्रेन से कामगारों की यात्रा का इंतजाम करने का आश्वासन दिया है।

महाराष्ट्र के औरंगाबाद जिले में शुक्रवार को पटरी पर सो रहे 16 प्रवासी कामगारों की मालगाड़ी से कटकर मौत हो गई थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 09, 2020 07:24 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).