देश की खबरें | पवार पुनर्विचार करने तक राकांपा प्रमुख हैं; उत्तराधिकारी पर अभी कोई निर्णय नहीं: प्रफुल्ल पटेल

मुंबई, तीन मई राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के वरिष्ठ नेता प्रफुल्ल पटेल ने बुधवार को कहा कि जब तक शरद पवार पद से हटने के अपने फैसले पर पुनर्विचार नहीं करते वह पार्टी प्रमुख बने रहेंगे और तब तक उनके उत्तराधिकारी को चुने जाने पर कोई चर्चा नहीं होगी।

राकांपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पटेल ने यहां संवाददाताओं से यह भी कहा कि वह शीर्ष पद की दौड़ में नहीं हैं। उन्होंने कहा कि पवार ने अपने उत्तराधिकारी का फैसला करने के लिए मंगलवार को जिस समिति का गठन किया था, उसकी बुधवार को बैठक नहीं हुई।

पटेल ने कहा, ‘‘यदि स्थिति उत्पन्न होती है, तो समिति पवार के उत्तराधिकारी पर निर्णय लेगी और निर्णय सर्वसम्मत होगा। जब पार्टी ने उन्हें इस पर पुनर्विचार करने के लिए कहा, उन्होंने अपने निर्णय पर विचार करने के लिए समय मांगा और जब तक अंतिम निर्णय नहीं हो जाता, तब तक उनके उत्तराधिकारी पर विचार करने का कोई सवाल ही नहीं है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘कोई रिक्ति नहीं है।’ साथ ही पटेल ने कहा, ‘‘पवार अध्यक्ष रहें या न रहें, वे पार्टी की पहचान और आत्मा हैं।’’

पटेल से उन खबरों के बारे में पूछा गया जिनमें कहा गया कि राकांपा नेता सुप्रिया सुले राष्ट्रीय अध्यक्ष और अजित पवार महाराष्ट्र इकाई प्रमुख हो सकते हैं। कुछ खबरों में यह भी कहा गया कि पटेल पवार की जगह ले सकते हैं।

पटेल ने कहा कि पार्टी पवार को अपने फैसले पर पुनर्विचार करने के लिए राजी करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा, ‘‘पार्टी कार्यकर्ताओं को धैर्य रखना चाहिए और सामूहिक रूप से (पवार के फैसले के विरोध में) अपने पदों से इस्तीफा देना बंद कर देना चाहिए।’’

पटेल ने संवाददाताओं से कहा कि चूंकि वह समिति के संयोजक है, इसलिए जब इसकी बैठक होगी, इस बारे में सूचित करेंगे। उन्होंने इस बात से भी इनकार किया कि प्रदेश राकांपा प्रमुख जयंत पाटिल पार्टी से नाराज हैं। पटेल ने कहा कि पाटिल अपने चीनी सहकारी कारखाने की बैठक में भाग लेने के लिए पुणे में थे।

राकांपा, कांग्रेस और शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के गठबंधन महा विकास आघाड़ी (एमवीए) की ‘वज्रमूठ’ रैलियों को भीषण गर्मी की स्थिति के कारण स्थगित कर दिया गया है और यह रविवार को तय किया गया था जब मुंबई में एक रैली आयोजित की गई थी। पटेल ने कहा, ‘‘इसका पवार के राकांपा प्रमुख पद से हटने से कोई लेना देना नहीं है।’’

आशीष नरेश

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)