27 मार्च की बड़ी खबरें और अपडेट्स
भारत और दुनिया की बड़ी खबरें एक साथ, एक ही जगह पढ़ने के लिए आप सही पेज पर हैं.
भारत और दुनिया की बड़ी खबरें एक साथ, एक ही जगह पढ़ने के लिए आप सही पेज पर हैं. इस लाइव ब्लॉग को हम लगातार अपडेट कर रहे हैं, ताकि ताजा खबरें आप तक पहुंचा सकें.- 35 साल के बालेंद्र शाह बने नेपाल के सबसे युवा प्रधानमंत्री
- पेट्रोल-डीजल पर एक्साइज ड्यूटी घटने से तेल कंपनियों का फायदा
- होरमुज खुलवाने के लिए अंतरराष्ट्रीय फोर्स में शामिल होने को तैयार यूएई: रिपोर्ट
- पहले पदासीन अमेरिकी राष्ट्रपति बनेंगे ट्रंप जिनके दस्तखत डॉलर पर छपेंगे
35 साल के बालेंद्र शाह बने नेपाल के सबसे युवा प्रधानमंत्री
राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) के बालेंद्र शाह नेपाल के सबसे युवा प्रधानमंत्री बन गए हैं. उन्होंने शुक्रवार, 27 मार्च को राजनयिकों और वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों की मौजूदगी में पद की शपथ ली. शपथ ग्रहण समारोह में भी वह काला चश्मा और काली नेपाली टोपी लगाए नजर आए, जिन्हें उनकी पहचान का एक ट्रेडमार्क माना जाता है. वह नेपाल के पहले मधेशी पीएम भी हैं.
न्यूज एजेंसी एपी ने बताया कि बालेंद्र शाह के शपथ ग्रहण समारोह में हिंदू मान्यताओं को बेहद महत्व दिया गया. उन्होंने रामनवमी के दिन दोपहर में 12 बजकर 34 मिनट पर शपथ ली, क्योंकि इस समय को ज्योतिष गणनाओं के हिसाब से शुभ माना गया. शपथ ग्रहण के दौरान शंख भी बजाया गया और हिंदू पुजारियों एवं बौद्ध लामाओं ने धार्मिक मंत्रों का भी उच्चारण किया.
यह रिपोर्ट भी पढ़ें- जेन-जी वाली नेपाल सरकार से कैसे होंगे भारत के रिश्ते
नेपाल में 5 मार्च को संसदीय चुनावों के लिए वोटिंग हुई थी. आरएसपी ने बालेंद्र शाह के नेतृत्व में 275 में से 182 सीटों पर जीत हासिल की थी. इस चुनाव में नेपाल की पुरानी और पारंपरिक पार्टियों की करारी हार हुई. बालेंद्र ने खुद झापा-5 सीट से पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली को हराया, जिनके कार्यकाल में ही बीते साल सितंबर में भ्रष्टाचार विरोधी प्रदर्शन हुए थे.
बतौर प्रधानमंत्री, लोग बालेंद्र शाह से राजनीतिक स्थिरता बहाल करने, सरकारी कामकाज में भ्रष्टाचार कम करने और युवाओं के लिए नई नौकरियां पैदा करने की अपेक्षा कर रहे हैं. नेपाल में 1990 से लेकर अब तक 30 से ज्यादा सरकारें बन चुकी हैं और उनमें से कोई भी सरकार पांच साल का कार्यकाल पूरा नहीं कर सकी है.
पहले पदासीन अमेरिकी राष्ट्रपति बनेंगे ट्रंप जिनके दस्तखत डॉलर पर छपेंगे
संयुक्त राज्य अमेरिका की 250वीं सालगिरह पर ट्रेजरी विभाग राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप के हस्ताक्षर के साथ डॉलर के नोट छापेगा. विभाग ने 26 मार्च को यह घोषणा की. इस तरह ट्रंप पहले पदासीन अमेरिकी राष्ट्रपति बन जाएंगे, जिनके हस्ताक्षर बैंकनोट पर होंगे. उनके साथ नोट पर अमेरिकी ट्रेजरी के सचिव स्कॉट बेसेंट के भी दस्तखत होंगे.
ट्रेजरी सचिव बेसेंट ने इस फैसले को ट्रंप की कथित उपलब्धियों से जोड़ते हुए कहा, "हमारे महान देश और राष्ट्रपति डॉनल्ड जे. ट्रंप की ऐतिहासिक उपलब्धियों को पहचान देने का इससे ताकतवर और कोई तरीका नहीं है." डॉनल्ड ट्रंप लंबे समय से अपने नाम के साथ ब्रैंड प्रॉजेक्ट लाते रहते हैं, फिर चाहे वह न्यूयॉर्क का ट्रंप टावर हो या ट्रंप ब्रैंडेड गोल्फ कोर्स.
बतौर राष्ट्रपति अपने दूसरे कार्यकाल में उन्होंने 'ट्रंप गोल्ड कार्ड' की घोषणा की. अमेरिकी नागरिकों को सस्ती दवाएं देने वाली एक सरकारी वेबसाइट 'ट्रंपआरएक्स' को प्रमोट किया. वॉशिंगटन स्थित कैनेडी सेंटर का नाम बदलकर "ट्रंप कैनेडी सेंटर" कर दिया गया. खबरों के मुताबिक, न्यूयॉर्क के पैन स्टेशन और वर्जीनिया स्थित डलस अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे का भी नाम बदलकर ट्रंप के नाम पर किया जा सकता है.
इसके अलावा अमेरिका में रहने वाले लोग नेशनल पार्कों के लिए ट्रंप के चेहरे वाला सालाना पास भी खरीद कर सकते हैं. हालांकि, "ट्रंप कैनेडी सेंटर" के बाबत डेमोक्रैटिक पार्टी की नेता जॉइस बीटी ने एक मोशन फाइल करके जज से अपील की है कि वह कैनेडी सेंटर को ट्रंप का नाम जोड़ने से रोकें. उन्होंने दलील दी कि अमेरिकी कांग्रेस का इरादा साफ था कि कैनेडी सेंटर का नाम पूर्व राष्ट्रपति जॉन एफ कैनेडी के नाम पर रखा गया है, किसी और के नाम पर नहीं.
होरमुज स्ट्रेट खुलवाने के लिए अंतरराष्ट्रीय फोर्स में शामिल होने को तैयार यूएई: रिपोर्ट
संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) ने अमेरिका और अन्य पश्चिमी सहयोगियों से कहा है कि होरमुज स्ट्रेट खोलने के लिए एक बहुराष्ट्रीय समुद्री टास्कफोर्स में वह भी हिस्सा लेगा. फाइनैंशियल टाइम्स ने मामले की जानकारी रखने वाले लोगों के हवाले से यह खबर दी है. रिपोर्ट के मुताबिक, यूएई 'होरमुज सिक्यॉरिटी फोर्स' के गठन के लिए दर्जनों देशों को राजी करने की कोशिश कर रहा है. पश्चिम एशिया में युद्ध शुरू होने के बाद ईरान की ओर से सबसे ज्यादा हमले यूएई पर किए गए हैं.
ट्रंप के करीबी ने कहा, इस्राएल के दवाब में किया ईरान पर हमला
अमेरिका के कई सहयोगी देश कह चुके हैं कि फिलहाल होरमुज स्ट्रेट खुलवाने की उनकी कोई तात्कालिक योजना नहीं है. अमेरिका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने भी होरमुज को खोलने में सैन्य सहयोग देने को कहा था, मगर उनकी अपील को साथ नहीं मिला. हालांकि, इस दिशा में कोशिश चल रही है. जैसा कि 26 मार्च को फ्रांस ने बताया कि वह होरमुज को फिर से खुलवाने में सहयोग और प्रस्तावों को लेकर करीब 35 देशों के साथ बातचीत कर रहा है. मगर, यह काम ईरान युद्ध खत्म होने के बाद ही किया जाएगा.
एफटी की रिपोर्ट बताती है कि यूएई, बहरीन के साथ मिलकर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में एक प्रस्ताव लाने की तैयारी कर रहा है. इसमें होरमुज के लिए भविष्य में एक टास्कफोर्स बनाए जाने का समाधान दिया जा सकता है. हालांकि, सुरक्षा परिषद के स्थायी सदस्य रूस और चीन इस प्रस्ताव का विरोध कर सकते हैं.
भारत ने पेट्रोल-डीजल पर एक्साइज ड्यूटी घटाई, तेल कंपनियों को होगा फायदा
भारत सरकार ने 26 मार्च को पेट्रोल और डीजल पर लगने वाली एक्साइज ड्यूटी में कटौती की घोषणा की. वित्त मंत्रालय के आदेश के मुताबिक, अब पेट्रोल पर 13 रुपये प्रति लीटर की बजाय तीन रुपये प्रति लीटर एक्साइज ड्यूटी लगेगी. वहीं, डीजल पर पहले 10 रुपये प्रति लीटर के हिसाब से ड्यूटी लगती थी, जिसे अब पूरी तरह से हटा लिया गया है. हालांकि, इससे पेट्रोल-डीजल की खुदरा कीमतों में कोई अंतर नहीं आएगा.
न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक, सरकार के इस कदम से ऑयल मार्केटिंग कंपनियों को राहत मिलेगी. कच्चे तेल के दाम बढ़ने की वजह से उन्हें घाटा हो रहा था. पश्चिम एशिया में जारी युद्ध और होरमुज स्ट्रेट के बंद होने के कारण तेल और गैस की आपूर्ति में बड़ी गिरावट आई है. भारत का ऊर्जा आयात भी प्रभावित हुआ है. भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा तेल आयातक और उपभोक्ता है. यह अपनी जरूरत का करीब 90 फीसदी तेल विदेश से खरीदता है.
न्यूज एजेंसी एएफपी के मुताबिक, वित्त मंत्रालय ने अपने हालिया आदेश में डीजल और एविएशन टरबाइन फ्यूल के निर्यात पर टैक्स लगाने का एलान भी किया है. अब डीजल के निर्यात पर 21.5 रुपये प्रति लीटर और एविएशन फ्यूल के निर्यात पर 29.5 रुपये प्रति लीटर के हिसाब से टैक्स लगाया जाएगा. सरकार का कहना है कि घरेलू खपत के लिए इन उत्पादों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए यह फैसला लिया गया है.
(The above story first appeared on LatestLY on Mar 27, 2026 03:50 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

