देश की खबरें | पटनायक, सिंधिया ने भुवनेश्वर-उत्केला उड़ान सेवा को हरी झंडी दिखाई

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक और नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बृहस्पतिवार को भुवनेश्वर और कालाहांडी जिले के उत्केला के बीच पहली उड़ान सेवा को हरी झंडी दिखाई।

भुवनेश्वर, 31 अगस्त ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक और नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बृहस्पतिवार को भुवनेश्वर और कालाहांडी जिले के उत्केला के बीच पहली उड़ान सेवा को हरी झंडी दिखाई।

सिंधिया वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए कार्यक्रम में शामिल हुए जबकि पटनायक यहां बीजू पटनायक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मौजूद थे। दोनों ने ओडिशा की वाणिज्य एवं परिवहन मंत्री टुकुनी साहू और विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री अशोक पांडा की उपस्थिति में उत्केला हवाई अड्डे का भी उद्घाटन किया।

पटनायक ने ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर कहा, ‘‘भुवनेश्वर और कालाहांडी जिले में नये उद्घाटन किए गए उत्केला हवाई अड्डे के बीच पहली उड़ान को हरी झंडी दिखाकर खुशी हुई। हवाई अड्डे ने ओडिशा के विमानन क्षेत्र में एक और सुनहरा अध्याय जोड़ा है। यह कनेक्टिविटी, वाणिज्य और पर्यटन को बढ़ावा देगी, क्षेत्र के लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करेगी।’’

सिंधिया ने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘पूर्वी भारत ने हमेशा अपनी समृद्ध संस्कृति, कला और सभ्यता के साथ देश के आर्थिक और सामाजिक विकास में योगदान दिया है और आज जब भारत अपने अमृतकाल में आगे बढ़ रहा है, तो इस क्षेत्र का विकास हमारी प्राथमिकता है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘इसी संकल्प के साथ आज नवीन पटनायक और जनरल वीके सिंह द्वारा न केवल उत्केला (कालाहांडी) में नये हवाई अड्डे बल्कि उड़ान योजना के तहत उत्केला और भुवनेश्वर के बीच हवाई सेवा का भी उद्घाटन किया गया। मुझे विश्वास है कि इससे न केवल ओडिशा के नागरिक उड्डयन क्षेत्र को नये पंख लगेंगे, बल्कि रोजगार, उद्यमिता और समावेशी विकास को भी नयी गति मिलेगी।’’

31 अगस्त से उत्केला हवाई अड्डे के संचालन के साथ, यह भुवनेश्वर, झारसुगुड़ा, जयपोर और राउरकेला के बाद ओडिशा का पांचवां हवाई अड्डा बन गया है।

आधिकारिक सूत्रों ने कहा कि इंडियावन एयरलाइन मंगलवार और बृहस्पतिवार को उड़ानों का संचालन करेगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\