देश की खबरें | पटनायक ने ओडिशा की महिलाओं से भाजपा के ‘झूठ’ को सबके सामने लाने का आह्नान किया

भुवनेश्वर, चार सितंबर ओडिशा विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं बीजू जनता दल (बीजद) के अध्यक्ष नवीन पटनायक ने बुधवार को ओडिशा की महिलाओं से आह्वान करते हुए कहा कि वे भारत जनता पार्टी (भाजपा) के ‘झूठ’ को सबके सामने लेकर आएं।

पटनायक ने इस बात पर भी बल दिया कि उनकी पार्टी महिलाओं महत्वपूर्ण भूमिका देने और पार्टी में महिला सदस्यों की संख्या बढ़ाने पर ध्यान केंद्रित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

पटनायक ने पार्टी के प्रदेश मुख्यालय शंख भवन में बीजू महिला जनता दल (बीएमजेडी) की बैठक के समापन सत्र के दौरान ये टिप्पणियां कीं। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘झूठ भाजपा की सबसे बड़ी पहचान है।’’

पटनायक ने कहा कि भाजपा ने अपने चुनाव घोषणापत्र में दो साल के भीतर सुभद्रा योजना के तहत राज्य की प्रत्येक महिला को 50,000 रुपये की वित्तीय सहायता देने की घोषणा की थी, लेकिन अब सरकार ने इसे पांच साल में देने की बात कही है। उन्होंने कहा, ‘‘वह भी महिलाओं को हर छह माह में 5,000 रुपये की वित्तीय सहायता मिलेगी।’’

पूर्व मुख्यमंत्री ने भाजपा के चुनाव पूर्व उस वादे का भी जिक्र किया जिसमें उसने 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने की घोषणा की थी।

उन्होंने कहा, ‘‘चुनाव के दौरान भाजपा नेता ओडिशा आए और बड़ी-बड़ी घोषणाएं कीं, लेकिन वास्तव में लोगों को कुछ नहीं मिला। भाजपा को महिलाओं और जनता के भरोसे को तोड़ना नहीं चाहिए। हमारी महिलाएं जागरूक हैं और इसका करारा जवाब देंगी। भाजपा के झूठ को सबके सामने लाया जाए। बीजद राज्य में महिलाओं की आवाज उठाती रहेगी।’’

उन्होंने कहा कि बीजद महिलाओं के सामाजिक और आर्थिक सशक्तीकरण के वास्ते काम करने के लिए समर्पित है। पटनायक ने मिशन शक्ति की सफलता पर प्रकाश डालते हुए दावा किया कि इसने 70 लाख महिलाओं को एकजुट किया, उन्हें स्वयं सहायता समूहों से उद्यमी बनाया है जो विकास गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग ले रही हैं।

महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों के मुद्दे पर पटनायक ने कहा, ‘‘महिलाओं के खिलाफ अपराध मानो ईश्वर के खिलाफ अपराध है। हमारी संस्कृति में हम महिलाओं को देवी के रूप में पूजते हैं। यह मानवता के खिलाफ भी अपराध है और इसे हर कीमत पर रोका जाना चाहिए।’’

बीजद प्रमुख ने लोकसभा और विधानसभा में महिलाओं के लिए आरक्षण लागू किए जाने की उम्मीद जताई। उन्होंने कहा, ‘‘हमें पूरी तरह तैयार रहना चाहिए। हमारे सदस्यता अभियान में अधिक से अधिक महिलाओं को शामिल करने पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए और मैं पार्टी संगठन के भीतर महिलाओं को अधिक जिम्मेदारियां सौंपूंगा।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)