हावड़ा-नयी दिल्ली के बीच यात्री रेल सेवा फिर शुरू
रेलवे के सूत्रों के मुताबिक आंशिक रूप से बहाल हुई यात्री सेवा के तहत करीब 1000 यात्रियों को लेकर विशेष वातानुकूलित एक्सप्रेस ट्रेन हावड़ा से रवाना हुई।
कोलकाता, 12 मई कोरोना वायरस की वजह से लागू लॉकडाउन के दौरान 51 दिनों तक बंद रहने के बाद मंगलवार को पश्चिम बंगाल के हावड़ा स्टेशन से एक यात्री ट्रेन दिल्ली के लिये रवाना हुई।
रेलवे के सूत्रों के मुताबिक आंशिक रूप से बहाल हुई यात्री सेवा के तहत करीब 1000 यात्रियों को लेकर विशेष वातानुकूलित एक्सप्रेस ट्रेन हावड़ा से रवाना हुई।
पूर्वी रेलवे के अधिकारी ने कहा कि राजधानी एक्सप्रेस के डिब्बों के साथ ट्रेन शाम करीब पांच बजकर पांच मिनट पर रवाना हुई।
हावड़ा-नयी दिल्ली ट्रेन उन चुनिंदा ट्रेनों में शामिल है जिनका संचालन मंगलवार को शुरू हुआ।
जिन यात्रियों ने ऑनलाइन टिकट बुक की थी वे दोपहर से ही स्टेशन पहुंचना शुरू हो गए थे।
हावड़ा स्टेशन के बाहर प्रतीक्षा कर रहे एक यात्री ने कहा, “बंगाल घूमने आने के बाद मैं पिछले दो महीनों से यहां फंसा हुआ था। मैं खुश हूं कि अब मैं अपने परिवार के पास दिल्ली जा सकूंगा।”
यात्रियों से ट्रेन के निर्धारित समय से डेढ़ घंटा पहले आने को कहा गया था ताकि उनकी चिकित्सा जांच की जा सके। साथ ही जिन लोगों ने आरोग्य सेतु ऐप डाउनलोड न किया हो उनके स्मार्टफोन में इसे डाउनलोड जैसी कवायद पूरी की जा सके।
इस ट्रेन का संचालन रोजाना करने का फैसला लिया गया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 12, 2020 11:39 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

