देश की खबरें | पराग अग्रवाल ‘विशिष्ट प्रकार के टॉपर’ थे : शिक्षकों ने कहा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी), बंबई ने अपने पूर्व विद्यार्थी पराग अग्रवाल को माइक्रोब्लॉगिंग साइट ट्विटर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) के तौर पर पदोन्नत किए जाने पर मंगलवार को बधाई दी। उनके शिक्षकों ने कहा कि वह एक ‘विशिष्ट प्रकार के टॉपर छात्र ’ थे और उन्हें उनके ‘‘फोकस’’ तथा ‘‘इनोवेशन’’ ने सबसे अलग बना दिया।
मुंबई, 30 नवंबर भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी), बंबई ने अपने पूर्व विद्यार्थी पराग अग्रवाल को माइक्रोब्लॉगिंग साइट ट्विटर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) के तौर पर पदोन्नत किए जाने पर मंगलवार को बधाई दी। उनके शिक्षकों ने कहा कि वह एक ‘विशिष्ट प्रकार के टॉपर छात्र ’ थे और उन्हें उनके ‘‘फोकस’’ तथा ‘‘इनोवेशन’’ ने सबसे अलग बना दिया।
संस्थान के कंप्यूटर साइंस एवं इंजीनयिरंग विभाग के प्रोफेसर सुप्रतिम बिस्वास ने कहा, ‘‘वह एक विशिष्ट प्रकार के टॉपर छात्र थे। वह बहुत ही सुव्यवस्थित और बहुत अच्छे व्यवहार वाले शख्शियत हैं । आईआईटी-बंबई में शिक्षा में उत्कृष्टता प्राप्त करने के लिए उनमें सभी गुण थे।’’
बिस्वास ने कहा, ‘‘हमें देश भर से टॉपर मिलते हैं। लेकिन उन सभी में शीर्ष पर रहने के लिए एक विशेष क्षमता की आवश्यकता होती है।’’
उन्होंने कहा कि आईआईटी के रजत पदक विजेता अग्रवाल को 2019 में ‘यंग एलुमनी अचीवर अवार्ड’ से सम्मानित किया गया था।
आईआईटी-बंबई के निदेशक शुभाशीष चौधरी ने कहा कि किसी विश्वविद्यालय के महत्व को प्राय: उसके पूर्व छात्रों की सामूहिक उपलब्धियों और उनके द्वारा अपने संस्थान के लिए लाए गए गौरव से आंका जाता है।
उन्होंने कहा, "पराग अग्रवाल एक ऐसे पूर्व छात्र हैं, जिन पर आईआईटी-बंबई को गर्व है। आईआईटी ने पराग को जो शिक्षा और माहौल प्रदान किया, उसने उनमें सर्वश्रेष्ठ लाने में मदद की। कड़ी मेहनत और समर्पण के साथ पराग शीर्ष पर पहुंच गए हैं।"
पराग ने 1999-2001 में परमाणु ऊर्जा जूनियर कॉलेज, मुंबई से कक्षा 11 और 12 की पढ़ाई की थी।
इस कॉलेज के प्रधानाचार्य आनंद कुमार ने कहा कि अग्रवाल की हमेशा से ही आआईटी में जाने की इच्छा थी। उन्होंने कहा कि अग्रवाल ने कई नवोन्मेष किए।
कुमार ने पीटीआई- से कहा, ‘‘वह (अग्रवाल) बहुत ही केंद्रित व्यक्ति थे और उनके उत्तर बिना किसी भटकाव के बिंदुवार रूप से एकदम सटीक होते थे।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)