जरुरी जानकारी | एसपी समूह के पालोनजी मिस्त्री का 93 साल की उम्र में निधन, प्रधानमंत्री मोदी ने दी श्रद्धांजलि

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. अरबपति कारोबारी और शापूरजी पालोनजी समूह के प्रमुख पालोनजी मिस्त्री का यहां उनके आवास पर निधन हो गया। कंपनी के अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

मुंबई, 28 जून अरबपति कारोबारी और शापूरजी पालोनजी समूह के प्रमुख पालोनजी मिस्त्री का यहां उनके आवास पर निधन हो गया। कंपनी के अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

वह 93 वर्ष के थे। मिस्त्री का एसपी समूह 18.4 प्रतिशत हिस्सेदारी के साथ टाटा समूह का सबसे बड़ा शेयरधारक है।

अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार को आधी रात के बाद दक्षिण मुंबई स्थित उनके आवास पर नींद के दौरान उनका निधन हो गया।

उन्होंने आयरलैंड की नागरिकता हासिल कर ली थी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए ट्वीट किया कि वह पालोनजी के निधन से दुखी हैं। मोदी ने कहा, "उन्होंने वाणिज्य और उद्योग की दुनिया में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।"

मिस्त्री को 2016 में भारत के तीसरे सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार पद्म भूषण से सम्मानित किया गया था।

केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने मिस्त्री के निधन को एक युग का अंत बताया। नितिन गडकरी, मनसुख मंडाविया, हरदीप सिंह पुरी और कर्नाटक के मुख्यमंत्री बी एस बोम्मई समेत अन्य मंत्रियों ने भी उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है।

मिस्त्री का जन्म 1929 में हुआ था। उन्होंने पांच अरब अमेरिकी डॉलर से अधिक के एसपी समूह का नेतृत्व किया। समूह की शुरुआत निर्माण व्यवसाय से हुई थी और बाद में कारोबार रियल एस्टेट, कपड़ा, शिपिंग और घरेलू उपकरणों के विनिर्माण तक फैला।

उनके परिवार में साइरस मिस्त्री सहित चार बच्चे हैं। साइरस मिस्त्री ने टाटा समूह के अध्यक्ष के रूप में रतन टाटा का स्थान लिया था। हालांकि, उन्हें 2016 में बोर्ड ने हटा दिया।

वित्तीय लिहाज से एसपी समूह के लिए पिछले कुछ वर्ष कठिन रहे हैं और उसे टाटा समूह के शेयरों को गिरवी रखकर धन जुटाना पड़ा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now