विदेश की खबरें | पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ने भारत को सिंधु नदी पर बने किसी भी ढांचे को नष्ट करने की चेतावनी दी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on world at LatestLY हिन्दी. पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने भारत को चेतावनी दी है कि उनका ‘‘सिंधु जल संधि का उल्लंघन कर’’ सिंधु नदी पर बनाए जाने वाले किसी भी ढांचे को नष्ट कर देगा।
इस्लामाबाद, तीन मई पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने भारत को चेतावनी दी है कि उनका ‘‘सिंधु जल संधि का उल्लंघन कर’’ सिंधु नदी पर बनाए जाने वाले किसी भी ढांचे को नष्ट कर देगा।
भारत ने पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद इस संधि को निलंबित कर दिया है।
पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकवादी हमले के बाद दोनों पड़ोसी देशों के बीच संबंधों में बहुत खटास आ गई है। इस हमले में 26 लोग मारे गए थे, जिनमें से अधिकतर पर्यटक थे।
भारत ने विभिन्न दंडात्मक कार्रवाइयों के तहत 1960 की सिंधु जल संधि को निलंबित करने की घोषणा की, जो दोनों देशों के बीच पानी के बंटवारे से जुड़ी है।
शुक्रवार को ‘जियो न्यूज’ के एक कार्यक्रम में ख्वाजा ने कहा, ‘‘निश्चित रूप से, अगर वे किसी भी तरह की संरचना बनाने का प्रयास करते हैं, तो हम उस पर हमला करेंगे।’’
उन्होंने कहा कि सिंधु नदी पर किसी भी तरह की संरचना का निर्माण करना पाकिस्तान के खिलाफ ‘भारतीय आक्रामकता’ के रूप में देखा जाएगा।
ख्वाजा ने कहा, ‘‘आक्रामकता केवल तोप या गोलियां चलाने तक ही सीमित नहीं है। इसके कई रूप हैं। उनमें से एक रूप है (पानी को रोकना या मोड़ना), जिससे भूख और प्यास के कारण मौतें हो सकती हैं। अगर वे कोई संरचना बनाने का प्रयास करते हैं, तो पाकिस्तान उसे नष्ट कर देगा।’’
हालांकि, उन्होंने कहा कि पाकिस्तान फिलहाल इस संबंध में विभिन्न मंचों का रुख करने जा रहा है।
शुक्रवार को मीडिया में आई एक रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तान सिंधु जल संधि को निलंबित करने के एकतरफा कदम के खिलाफ भारत को औपचारिक राजनयिक नोटिस जारी करने की योजना बना रहा है।
इसके अलावा, पाकिस्तान ने शनिवार को अब्दाली मिसाइल का प्रशिक्षण परीक्षण किया। यह सतह से सतह पर 450 किलोमीटर की दूरी तक मार करने में सक्षम मिसाइल है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)