एजेंसी न्यूज

JP Nadda on Congress: पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ने नेकां, कांग्रेस को उनका एजेंडा चलाने का प्रमाणपत्र दे दिया है- जे पी नड्डा

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे पी नड्डा ने रविवार को कांग्रेस तथा नेशनल कांफ्रेंस (नेकां) को ‘‘गैर-राष्ट्रवादी ताकतें’’ बताया और कहा कि पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ने खुद दोनों दलों को जम्मू कश्मीर में पड़ोसी देश का एजेंडा चलाने का ‘‘प्रमाणपत्र’’ दे दिया है.

JP Nadda on Congress: पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ने नेकां, कांग्रेस को उनका एजेंडा चलाने का प्रमाणपत्र दे दिया है- जे पी नड्डा
JP Nadda (img: FB)

जम्मू, 22 सितंबर : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे पी नड्डा ने रविवार को कांग्रेस तथा नेशनल कांफ्रेंस (नेकां) को ‘‘गैर-राष्ट्रवादी ताकतें’’ बताया और कहा कि पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ने खुद दोनों दलों को जम्मू कश्मीर में पड़ोसी देश का एजेंडा चलाने का ‘‘प्रमाणपत्र’’ दे दिया है. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में जम्मू कश्मीर में ‘‘परिवर्तन की लहर’’ का भी उल्लेख किया और केंद्र शासित प्रदेश के साथ भाजपा के ‘‘गहरे जुड़ाव’’ पर भी जोर दिया. नड्डा ने दावा किया कि आतंकी हमलों में काफी कमी आई है और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में आतंकवादियों का जीवनकाल ‘‘महज कुछ दिन’’ का है लेकिन ये दल उनके साथ समझौता करने की कोशिश कर रहे हैं. उन्होंने जम्मू जिले के बर्नी इलाके में एक रैली में कहा, ‘‘वे (नेकां, कांग्रेस और आतंकवादियों के साथ समझौता करने वाले) गैर-राष्ट्रवादी ताकतें हैं. ये वे लोग हैं जो आतंकवादियों को छोड़ने और नियंत्रण रेखा के पार व्यापार शुरू करने तथा उनके साथ समझौता करने की बात करते हैं. वे राष्ट्रवादी ताकतें नहीं हैं. पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ने ही उन्हें प्रमाणपत्र दिया है. सब जानते हैं कि उन्होंने क्या कहा है.’’ जम्मू उत्तर सीट से पार्टी उम्मीदवार और पूर्व मंत्री शामलाल शर्मा के लिए प्रचार करते हुए नड्डा ने कहा, ‘‘पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ने कहा है कि भारत में नेकां और कांग्रेस उनके एजेंडे को बढ़ावा दे रही हैं तथा वे जम्मू कश्मीर में अनुच्छेद 370 बहाल करना चाहती हैं. क्या आप पाकिस्तान से प्रमाणित लोगों का समर्थन करेंगे? याद रखिए, वे राष्ट्रवादी नहीं हैं.’’

कांग्रेस, नेकां और पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) पर ‘‘भ्रष्टाचार’’ और जम्मू कश्मीर को ‘‘बर्बाद’’ करने का आरोप लगाते हुए नड्डा ने कहा, ‘‘इन तीनों राजनीतिक खानदानों - अब्दुल्ला परिवार, मुफ्ती परिवार और नेहरू-गांधी परिवार ने कश्मीर को नुकसान पहुंचाया है. उन्होंने बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार किया और इस खूबसूरत राज्य को बर्बाद किया.’’ नड्डा ने आरोप लगाया कि वे जम्मू कश्मीर को 1990 के दशक में व्याप्त स्थिति में लौटाना चाहते हैं. उन्होंने कहा, ‘‘वे 1990 के दशक के दिन वापस लाना चाहते हैं. वे नियंत्रण रेखा के पार व्यापार बहाल करने की पैरवी करते हैं लेकिन आप जानते हैं कि व्यापार की आड़ में आतंकवाद फैलाया जा रहा था.’’ भाजपा नेता ने जोर दिया कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में आतंकी घटनाओं में ‘‘काफी कमी’’ आई है. उन्होंने कहा, ‘‘किसी भी आतंकवादी का जीवनकाल महज कुछ दिन का है.’’ यह भी पढ़ें : FIR Against Ajit Prasad: अयोध्या के सांसद अवधेश प्रसाद के बेटे पर अपहरण और मारपीट का मामला दर्ज

उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में जम्मू कश्मीर में ‘‘परिवर्तन की लहर’’ का भी उल्लेख किया और केंद्र शासित प्रदेश के साथ भाजपा के ‘‘गहरे जुड़ाव’’ पर भी जोर दिया. नड्डा ने कहा, ‘‘इस बदलाव के कारण जम्मू कश्मीर शांति, प्रगति और विकास के लिहाज से तेजी से प्रगति कर रहा है. अनुच्छेद 370 निरस्त किए जाने के बाद आज पहली बार जम्मू कश्मीर में ‘एक देश, एक संविधान, एक प्रधानमंत्री’ के तहत विधानसभा चुनाव कराए जा रहे हैं.’’ उन्होंने जम्मू के साथ भाजपा के ‘‘मजबूत ऐतिहासिक संबंधों’’ पर जोर देते हुए कहा, ‘‘हम पंडित प्रेमनाथ डोगरा को ‘शेर-ए-डुग्गर’ के नाम से जानते हैं. वह भारतीय जनसंघ के एक नेता थे और वह उसके अध्यक्ष रहे. जम्मू के साथ भाजपा का जुड़ाव गहरा है.’’ भाजपा अध्यक्ष ने ‘दो निशान, दो विधान, दो प्रधान’ के खिलाफ लड़ाई में जनसंघ के संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान को भी याद किया. नड्डा ने लोगों से भाजपा को विजयी बनाने का अनुरोध करते हुए कहा, ‘‘भाजपा का समर्थन करना जम्मू कश्मीर के हित में है और भाजपा जम्मू कश्मीर का सर्वोत्तम हित चाहती है.’’

उन्होंने जम्मू-कश्मीर में लोगों, आदिवासियों के एक वर्ग के लिए अधिकारों और आरक्षण की कमी तथा पश्चिमी पाकिस्तानी शरणार्थियों को मतदान के अधिकार से वंचित करने पर आश्चर्य व्यक्त किया. भाजपा अध्यक्ष ने कहा, ‘‘मुझे यह जानकर हैरानी हुई कि यहां आदिवासियों के पास आरक्षण नहीं था और विभाजन के दौरान आए पश्चिमी पाकिस्तान के लोगों के पास वोट करने का अधिकार नहीं था. मनमोहन सिंह जी प्रधानमंत्री बन सकते हैं लेकिन ये शरणार्थी वोट तक नहीं दे सकते. लेकिन भाजपा ने अनुच्छेद 370 निरस्त करने के साथ ही इसे भी हल कर दिया.’’ उन्होंने कहा कि इन सभी वर्गों- पश्चिम पाकिस्तान के शरणार्थी, वाल्मीकि, गुरखा और महिलाओं के पास पूरे अधिकार हैं तथा आदिवासी और पहाड़ी समुदाय आरक्षण का लाभ उठा रहे हैं. नड्डा ने कहा, ‘‘मोदी जी ने उनके साथ न्याय किया है.’’

(The above story first appeared on LatestLY on Sep 22, 2024 03:36 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).