पाकिस्तानी सेना ने राजौरी, पुंछ में एलओसी पर अग्रिम चौकियों को निशाना बनाया
अधिकारियों ने बताया कि पाकिस्तानी सेना पिछले 12 दिनों से मोर्टार और छोटे हथियारों से एलओसी से लगे असैन्य इलाकों को निशाना बना रही है।
जम्मू, 16 अप्रैल पाकिस्तानी सेना ने जम्मू कश्मीर के पुंछ और राजौरी जिलों में नियंत्रण रेखा (एलओसी) से लगे गांवों और अग्रिम चौकियों को निशाना बनाते हुए बृहस्पतिवार को गोलीबारी और गोलाबारी तेज कर दी।
अधिकारियों ने बताया कि पाकिस्तानी सेना पिछले 12 दिनों से मोर्टार और छोटे हथियारों से एलओसी से लगे असैन्य इलाकों को निशाना बना रही है।
रक्षा प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल देवेंद्र आनंद ने बताया, ‘‘आज करीब नौ बज कर 45 मिनट पर पाकिस्तानी सेना ने छोटे हथियारों से गोलीबारी कर पुंछ के कस्बा और किरनी सेक्टरों में नियंत्रण रेखा पर बिना उकसावे के संघर्ष विराम उल्लंघन किया।’’
उन्होंने बताया कि पाकिस्तानी सेना ने छोटे हथियारों से गोलीबारी कर और मोर्टार से गोले दाग कर सुबह करीब 11 बजकर 45 मिनट पर राजौरी जिले के नौशेरा सेक्टर में एलओसी पर भी संघर्ष विराम उल्लंघन किया।
लेफ्टिनेंट कर्नल आनंद ने बताया कि भारतीय थल सेना ने इन सभी सेक्टरों में पाकिस्तानी गोलाबारी का मुंहतोड़ जवाब दिया।
पाकिस्तानी सेना के नौशेरा, कस्बा और किरनी सेक्टरों में रिहायशी इलाकों को निशाना बनाने से लोगों के बीच भय व्याप्त हो गया है।
राजौरी, पुंछ और कुपवाड़ा में भारत-पाकिस्तान सीमा के समीप गांवों में रह रहे निवासी तब से खौफ के साये में रह रहे हैं, जब बीते सप्ताह पाकिस्तान की ओर से हुई गोलाबारी में तीन व्यक्ति मारे गए थे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 16, 2020 03:08 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

