पाकिस्तान ने संघर्ष विराम का उल्लंघन करते हुए जम्मू में गोलियां चलाईं, बीएसएफ का जवान घायल
पाकिस्तानी सैनिकों ने मंगलवार देर रात संघर्ष विराम का उल्लंघन करते हुए जम्मू सीमा पर स्थित भारतीय चौकियों पर बिना उकसावे के गोलीबारी की जिसमें सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) का एक जवान घायल हो गया.
जम्मू, 11 सितंबर : पाकिस्तानी सैनिकों ने मंगलवार देर रात संघर्ष विराम का उल्लंघन करते हुए जम्मू सीमा पर स्थित भारतीय चौकियों पर बिना उकसावे के गोलीबारी की जिसमें सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) का एक जवान घायल हो गया. अधिकारियों ने यह जानकारी दी.अधिकारियों ने बताया कि बीएसएफ के जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई की लेकिन अभी यह पता नहीं चल सका है कि इससे पाकिस्तान को कोई नुकसान पहुंचा है या नहीं.
बीएसएफ के एक प्रवक्ता ने बताया, ‘‘रात करीब दो बजकर 35 मिनट पर सीमा पार से बिना उकसावे के अखनूर इलाके में गोलीबारी की गई, जिसका बीएसएफ ने माकूल जवाब दिया. पाकिस्तान की ओर से की गई गोलीबारी में बीएसएफ का एक जवान घायल हो गया.’’ उन्होंने बताया कि जवान ‘हाई अलर्ट’ पर हैं और अंतरराष्ट्रीय सीमा तथा नियंत्रण रेखा पर कड़ी निगरानी रख रहे हैं. यह भी पढ़ें : राहुल गांधी की देश में स्वीकार्यता नहीं, पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत एक महाशक्ति: प्रवीण खंडेलवाल
भारत और पाकिस्तान ने 25 फरवरी 2021 को संघर्ष विराम समझौते को नवीनीकृत किया था और उसके बाद से दोनों देशों के बीच संघर्ष विराम उल्लंघन की घटनाएं यदा-कदा ही हुईं हैं. पिछले वर्ष रामगढ़ सेक्टर में पाकिस्तान रेंजर्स की गोलीबारी में बीएसएफ का एक जवान शहीद हो गया था. संघर्ष विराम उल्लंघन की कल की यह घटना 18 सितंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव से कुछ दिन पहले हुई है. केन्द्र शासित प्रदेश में मतदान तीन चरण में होगा.
(The above story first appeared on LatestLY on Sep 11, 2024 08:20 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

