एजेंसी न्यूज

खेल की खबरें | अगले साल प्रस्तावित विश्व क्लब चैंपियनशिप से बाहर हो सकता है पाकिस्तान

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. अगले साल विश्व क्लब टी20 चैंपियनशिप (डब्ल्यूसीसी) शुरू होने की उम्मीद है और इसमें से पाकिस्तान को बाहर किए जाने की संभावना है।

खेल की खबरें | अगले साल प्रस्तावित विश्व क्लब चैंपियनशिप से बाहर हो सकता है पाकिस्तान

कराची, छह जुलाई अगले साल विश्व क्लब टी20 चैंपियनशिप (डब्ल्यूसीसी) शुरू होने की उम्मीद है और इसमें से पाकिस्तान को बाहर किए जाने की संभावना है।

इस घटनाक्रम की जानकारी रखने वाले एक सूत्र ने कहा कि पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) में विजेता टीम को इस चैंपियनशिप के लिए आमंत्रित किए जाने की संभावना नहीं है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) और इसके अध्यक्ष जय शाह विश्व क्लब चैंपियनशिप को शुरू करने के लिए तेजी से काम कर रहे हैं।

सूत्र ने कहा, ‘‘पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को पिछले महीने लंदन में क्रिकेट कनेक्ट बैठक के दौरान पीएसएल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) को भेजने के लिए आमंत्रित किया गया था, लेकिन कोई नहीं आया। ’’

उन्होंने कहा कि इंग्लिश एंव वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) की पहल और आईसीसी के समर्थन से आयोजित बैठक के लिए शीर्ष टी20 फ्रेंचाइजी आधारित लीग के अधिकांश सीईओ एकत्र हुए।

उन्होंने पुष्टि की, ‘‘बैठक में प्रस्तावित विश्व क्लब चैंपियनशिप, इसकी विंडो, प्रारूप, कार्यक्रम आदि पर चर्चा हुई। बैठक में एमिरेट्स लीग, बिग बैश लीग, द हंड्रेड, एसए20, एमएलसी, कैरेबियन प्रीमियर लीग आदि के सीईओ शामिल हुए। पाकिस्तान को भी आमंत्रित किया गया था। ’’

सूत्र ने बताया कि शुरुआत में विश्व क्लब टूर्नामेंट में पांच टीमें हिस्सा लेंगी जिसमें इंडियन प्रीमियर लीग की कोई टीम नहीं होगी।

उन्होंने कहा, ‘‘हालांकि टूर्नामेंट को भारतीय बोर्ड का समर्थन प्राप्त है लेकिन चैंपियनशिप के उद्घाटन सत्र के लिए आईपीएल की भागीदारी नहीं होगी। ’’

सूत्र ने कहा कि सऊदी क्रिकेट लीग की योजना को पटरी से उतारने के लिए विश्व क्लब चैंपियनशिप को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।

निजी निवेशक 40 करोड़ डॉलर के शुरुआती निवेश के साथ सऊदी लीग को वित्तपोषित करने की योजना बना रहे हैं लेकिन उन्हें प्रतिरोध का सामना करना पड़ रहा है क्योंकि वे हर साल टेनिस ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट की तर्ज पर अपनी लीग आयोजित करना चाहते हैं।

सूत्र ने कहा कि हाल में हुई बैठक इसलिए भी महत्वपूर्ण थी क्योंकि सीईओ ने टूर्नामेंट के लिए निश्चित समयसीमा और विदेशी खिलाड़ियों के लिए एनओसी की उपलब्धता आदि पर चर्चा की गई थी।

उन्होंने कहा, ‘‘पीसीबी इसमें शामिल नहीं हुआ और अजीब बात यह है कि उसके चेयरमैन मोहसिन नकवी भी नियमित रूप से आईसीसी की बैठकों में शामिल नहीं हुए हैं। ’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 06, 2025 06:36 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).